10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की नसीहत: सदनों में व्यवधान लोकतंत्र के लिए चुनौती, जनप्रतिनिधि बनाए रखें गरिमा

Lok Sabha Speaker Om Birla: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदनों में बार-बार होने वाले व्यवधान लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती हैं, चंडीगढ़ में सीपीए सम्मेलन के दौरान जनप्रतिनिधियों से लोकतांत्रिक गरिमा और जनता का विश्वास बनाए रखने का आह्वान किया।

2 min read
Google source verification
Om Birla addressing the CPA North Zone conference in Chandigarh.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला। (Photo- IANS)

CPA India Region Zone 2: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदनों में बार-बार होने वाले व्यवधान लोकतांत्रिक संस्थाओं के सामने गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपने आचरण और व्यवहार से जनता का विश्वास मजबूत करें तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखें। उन्होंने आगे कहा कि जैसा नेतृत्व का आचरण और व्यवहार होता है, वैसा ही समाज बनता है। जनता ने हमें चुनकर भेजा है, इसलिए हमारे आचरण का सीधा प्रभाव समाज पर पड़ता है। ओम बिरला ने यह बातें चंडीगढ़ में हुए कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया रीजन जोन-2 (नॉर्थ जोन) के सम्मेलन के समापन अवसर पर कही।

जनता का विश्वास मजबूत करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी

ओम बिरला ने कहा कि समाधान सार्थक चर्चा, संवाद तथा जनअपेक्षाओं के अनुरूप आचरण में निहित है। जनता का विश्वास मजबूत करना सभी जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक संस्थानों में जनप्रतिनिधियों का आचरण अनुकरणीय होना चाहिए, क्योंकि उसका सीधा प्रभाव समाज पर पड़ता है। ओम बिरला ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य मजबूत संसदीय और विधायी संस्थाओं के बिना हासिल नहीं किया जा सकता।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में जनभागीदारी बढ़ाने, विधायकों की क्षमता निर्माण, तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अधिक उपयोग तथा विधायी निगरानी को मजबूत बनाने से जुड़े चार प्रमुख संकल्प पारित किए गए। साथ ही संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नीति निर्माण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने भी अपने विचार रखे। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के समापन संबोधन के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

समन्वित प्रयास से होगा भारत विकसित

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि राज्यों और केंद्र के समन्वित प्रयासों से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। इसके लिए उन्होंने युवाओं और महिलाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, के साथ ही साथ विद्यार्थियों में संविधान और कर्तव्यबोध के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया रीजन जोन-2 (नॉर्थ जोन) सम्मेलन में 12 राज्यों की विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारियों ने हिस्सा लिया।