राष्ट्रीय

Modi 3.0 में नड्डा इन ठाकुर आउट, BJP संगठन में मिल सकती है अहम जिम्मेदारी

Modi 3.0: सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोदी 3.0 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं।

नई दिल्लीJun 09, 2024 / 03:25 pm

Prashant Tiwari

भारतीय जनता पार्टी के सांसद और NDA संसदीय दल के नेता नरेंद्र मोदी आज शाम 7.15 बजे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से पहले मोदी ने संभावित मंत्रियों के साथ अपने आवास पर बैठक की। इस बैठक में बीजेपी के साथ ही सहयोगी दलों के नेता भी शामिल हुए। लेकिन मोदी 2.0 में सूचना और प्रसारण जैसा अहम मंत्रालय संभाल चुके अनुराग ठाकुर इस बैठक से गायब रहे।
नड्डा इन ठाकुर आउट

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोदी 3.0 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। वहीं, नरेंद्र मोदी के दो पूर्ववर्ती सरकार में वित्त राज्य मंत्री, खेल और बाद में सूचना और प्रसारण जैसा अहम मंत्रालय संभाल चुके अनुराग ठाकुर को जगह नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद जब पार्टी को नया अध्यक्ष मिलेगा तो उसके बाद अनुराग को संगठन में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है।
हिमाचल से आते है बीजेपी के दोनों दिग्गज

बता दें कि जेपी नड्डा नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल 2014 से लेकर 2019 तक जब केंद्र में मंत्री थे तो उस दौरान अनुराग ठाकुर संगठन में रहे और अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उसके बाद जैसे ही नड्डा बीजेपी अध्यक्ष बने तो उन्होंने मंत्री पद छोड़ा और फिर अनुराग ठाकुर को केंद्र में अहम जिम्मेदारी मिली। 
2 लाख वोटों के बड़े अंतर से जीते हैं ठाकुर

आपको बता दें कि हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से एक बार फिर बड़े अंतर से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं. उन्होंने इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार सतपाल सिंह रायजादा को करीब 2 लाख वोटों से हराया है। मोदी सरकार में सूचना और प्रसारण मंत्री रहने से पहले वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री और खेल राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं।
ठाकुर पहली बार मई 2008 में उस समय भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पहली बार लोकसभा सांसद चुने गए जब उन्होंने अपने पिता के उत्तराधिकारी के रूप में चुनाव लड़ा। इसके बाद वह लगातार 2009, 2014, 2019 और अब 2024 में फिर सांसद चुने गए हैं। ठाकुर जनवरी, 2019 में संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले भारतीय जनता पार्टी के पहले सांसद बने थे।
ये नेता बन सकते हैं मंत्री

सरकार के नए मंत्रियों में अब तक जो नाम सामने आए हैं उनमें में अमित शाह, जे पी नड्डा, राजनाथ सिंह, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, एस जयशंकर, पीयूष गोयल, ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे कई अन्य चेहरे भी शामिल हैं।
ये भी पढें: दिनदहाड़े बीच सड़क पर युवती को तलवार से काटा, सहेलियों संग ऑफिस जा रही थी मृतका

Hindi News / National News / Modi 3.0 में नड्डा इन ठाकुर आउट, BJP संगठन में मिल सकती है अहम जिम्मेदारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.