bell-icon-header
राष्ट्रीय

Modi 3.0: मोदी सरकार की नई कैबिनेट में इन नेताओं को मिलेगी जगह, सामने आई पहली संभावित लिस्ट

Modi 3.0 Cabinate: लोकसभा चुनाव 2024 के रिजल्ट आने के बाद से सभी की निगाहें मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के स्वरुप पर है, क्योंकि इस बार बीजेपी अकेले दम पर बहुमत लाने से पीछे रह गई।

नई दिल्लीJun 08, 2024 / 03:06 pm

Paritosh Shahi

Modi 3.0 Cabinate: मोदी सरकार की नई कैबिनेट का स्वरुप क्या होगा, कौन-कौन नेता मंत्रिमंडल में शामिल होगा, गठबंधन के साथी दलों ने क्या-क्या मांग की, सबकी निगाहें इस पर है। लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी अपने दम पर 272 का आंकड़ा छूने से चूक गई है। अब सहयोगी दल (JDU, TDP, Shiv Sena) पर उसकी निर्भरता बढ़ गई है। दिल्ली में एनडीए की बैठक शुरू हो गयीहै, इसमें नवनिर्वाचित सांसदों के द्वारा नरेंद्र मोदी को संसदीय दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद रविवार, 9 जून को पूरी कैबिनेट के साथ राष्ट्रपति भवन के लॉन में शपथ ले ग्रहण समारोह होगा। सरकार गठन से पहले NDA में शामिल JDU और TDP जैसा सहयोगियों से BJP की चर्चा जारी है। मंत्रालयों की संख्या से लेकर विभागों के नामों को अंतिम निर्णय लिया जा रहा है।

शिंदे क्या रुख अपनाएंगे

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक NDA में शामिल शिवसेना चीफ और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने बेटे श्रीकांत शिंदे का नाम कैबिनेट मंत्रियों की लिस्ट में शामिल नहीं कर रहे हैं। पार्टी केंद्रीय मंत्री के लिए अनुभवी सांसदों के नामों पर विचार कर रही है। प्रताप राव जाधव का नाम अभी इस रेस में सबसे आगे है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को एक मंत्री और एक राज्य मंत्री का पद मिल सकता है।

TDP की क्या मांग कर सकती है?

आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की अगुवाई वाली तेलुगु देशम पार्टी (TDP) कैबिनेट में अपनी पहली पसंद के तौर पर राममोहन नायडू का नाम प्रस्तावित कर सकती है। TDP के केंद्रीय कैबिनेट में कम से कम दो से तीन पद मिलने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, टीडीपी मंत्रालय के अलावा स्पीकर के पद पर भी अपना दावा ठोक सकती है।

JDU से कौन-कौन?

नीतीश कुमार नेतृत्व वाली जेडीयू इस बार भाजपा से तीन कैबिनेट मंत्री और एक राज्य मंत्री पद की उम्मीद कर रही है। जदयू की निगाहें इस बार कृषि, रेल, ग्रामीण विकास और जल शक्ति जैसे बिहार के हितों से जुड़े मंत्रालयों पर टिकी हैं। जदयू कोटे से इस बार नीतीश के करीबी संजय झा और ललन सिंह मंत्री बना सकते हैं।

LJP से चिराग का नाम

भाजपा को पूर्ण बहुमत न मिलने के बाद सबसे पहले चिराग पासवान ही वो साथी थे जिन्होंने बिना शर्त समर्थन देने की बात कही। 5 में से 5 सीटें यानी 100% स्ट्राइक रेट से जीतने वाले चिराग पासवान नई सरकार में मंत्री बनाए जा सकते हैं। पीएम मोदी के हनुमान कहे जाने वाले चिराग इस बार कोई बड़ा पोर्टफोलियो पा सकते हैं।
भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी रविवार 9 जून को शाम 7:15 बजे तीसरी बार शपथ लेंगे। मोदी ने 5 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए पड़ोसी देशों के नेताओं को भी निमंत्रण भेजा गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल , बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना समेत कई अन्य लोगों को समारोह में आमंत्रित किया गया है।

Hindi News / National News / Modi 3.0: मोदी सरकार की नई कैबिनेट में इन नेताओं को मिलेगी जगह, सामने आई पहली संभावित लिस्ट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.