राष्ट्रीय

INDIA गठबंधन नहीं कर पाया बहुमत का जुगाड़, सरकार बनाने से किया इंकार, TDP मजबूती से मोदी के साथ

Lok Sabha Elections 2024: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी संसद में मजबूत विपक्ष की बात की है।

नई दिल्लीJun 06, 2024 / 03:58 pm

Prashant Tiwari

‘इंडिया’ गठबंधन के बड़े नेता अब सरकार बनाने की कवायद की बजाय मजबूत विपक्ष की बात करने लगे हैं। इसी क्रम में इंडिया गठबंधन के दूसरे सबसे बड़े घटक दल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी संसद में मजबूत विपक्ष की बात की है। इससे पहले इंडिया गठबंधन ने अपनी संख्या बल बढ़ाने की पूरी कोशिश की। इसके लिए अन्य दलों को आमंत्रित भी किया गया था। बुधवार को इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने एक बयान जारी कर कहा था कि जो भी दल संविधान की रक्षा करना चाहता है उसका इंडिया गठबंधन में स्वागत है। लेकिन उनके इस ऑफर के बाद भी किसी दल ने इंडिया गठबंधन में जाने में रुची नहीं दिखाई। जिसके बाद विपक्ष के नेता अब मजबूत विपक्ष की बात कर रहे हैं।
इस बार देश को मजबूत विपक्ष मिलेगा

दिल्ली में गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के दौरान अग्निवीर योजना का विरोध किया था। दोनों ही पार्टियों का कहना था कि सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना को बंद करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार देश को मजबूत विपक्ष मिलेगा और विपक्ष की आवाज नहीं दबेगी।
INDIA गठबंधन, नहीं कर पाया बहुमत का जुगाड़

इस बार के लोकसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। बीजेपी नीत NDA गठबंधन बहुमत के आंकड़े 272 से 20 सीटें ज्यादा जीतने में कामयाब रहा। वहीं, INDIA ब्लॉक 234 सीटें जीतने में कामयाब रहा है। हालांकि बीजेपी इस बार के चुनाव में भी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भगवा पार्टी को इस बार 240 सीटें मिली है। वहीं, देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 99 सीटें ही मिल पाई है।
TDP मजबूती से मोदी के साथ

दूसरी तरफ एनडीए के घटक दलों ने इंडिया गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। चंद्रबाबू नायडू की पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम कुमार जैन ने स्पष्ट तौर पर कहा कि उनकी पार्टी ने एनडीए को अपना समर्थन दिया है। इंडिया गठबंधन कुछ भी कहता रहे, लेकिन, वे एनडीए के साथ हैं। इसके साथ ही नायडू की पार्टी का कहना है कि आंध्र प्रदेश में चंद्रबाबू नायडू 12 जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। दरअसल, आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में चंद्रबाबू नायडू की पार्टी ने बहुमत हासिल किया है। भारतीय जनता पार्टी और तेलुगु देशम पार्टी ने संयुक्त रूप से विधानसभा चुनाव लड़ा था और यहां एनडीए ने बंपर जीत हासिल की है। केंद्र में सरकार का गठन होने के बाद चंद्रबाबू नायडू का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आमंत्रित होंगे।
सरकार बनाने के लिए जेपी नड्डा के घर पर हुई बैठक

वहीं, केंद्र सरकार के गठन की रूपरेखा और तैयारियों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व पार्टी नेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं। यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर हो रही है। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े एवं तरुण चुग और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया सहित कई अन्य नेता मौजूद हैं।
ये भी पढ़ें: UP में मिली शिकस्त के बाद योगी आदित्यनाथ दिल्ली तलब, BJP ने बुलाई संसदीय दल की बैठक

Hindi News / National News / INDIA गठबंधन नहीं कर पाया बहुमत का जुगाड़, सरकार बनाने से किया इंकार, TDP मजबूती से मोदी के साथ

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.