scriptHeavy Rain Alert: राजस्थान समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट | Patrika News
राष्ट्रीय

Heavy Rain Alert: राजस्थान समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया है कि मानसून मेहरबान है। आषाढ़ में मेघ झूमकर बरसे हैं। अब चार दिन लगातार भारी बारिश का अलर्ट है।

नई दिल्लीJul 05, 2024 / 07:06 am

Anand Mani Tripathi

देश में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। मानसून ने तय समय से छह दिन पहले ही सभी राज्यों को कवर कर लिया है। आषाढ़ के महीने में मेघ जमकर बरस रहे हैं। गुरुवार को राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, बंगाल, महाराष्ट्र और केरल सहित कई राज्यों में बादल जमकर बरसे।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिन के लिए देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश होगी। पांच से आठ जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश हो सकती है।

महाराष्ट्र और गुजरात के लिए आफत

पांच जुलाई को महाराष्ट्र और गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। देशभर में जारी झमाझम के बीच बारिश के औसत में आंकड़े में बढ़ोतरी हुई है। यह आंकड़ा -17त्न से घटकर -3त्न पर आ गया है। आइएमडी के मुताबिक सामान्य दशा में 196.9 मिमी. बारिश होनी चाहिए, जो अब 190.6 मिमी. पहुंच गई है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में बाढ़ का कहर

पूर्वोत्तर राज्य के लोग बारिश से बेहाल हैं। असम, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बाढ़ की वजह से स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। इन राज्यों में सेना रेस्क्यू अभियान चला रही है। असम में बाढ़ से अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 16.25 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क बाढ़ में डूब गया है। पार्क के 72 जानवरों की मौत हो गई।

रूस में पारे ने तोड़ा 107 साल का रेकॉर्ड

रूस की राजधानी मॉस्को में गर्मी रेकॉर्ड तोड़ रही है। वहां गुरुवार को 35 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। यह रूस के अब तक का सबसे गर्म दिन था। इससे पहले मॉस्को में 3 जुलाई, 1917 को 32.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मॉस्को के लोगों ने गर्मी से राहत पाने के लिए सार्वजनिक फव्वारों का सहारा लिया और पार्कों में बैठे नजर आए।

Hindi News/ National News / Heavy Rain Alert: राजस्थान समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

ट्रेंडिंग वीडियो