bell-icon-header
राष्ट्रीय

Ladakh : 28,946 किमी प्रति घंटे की थी गति, भारतीय टेलीस्कोप ने इमारत के आकार का क्षुद्रग्रह किया कैद

Ladakh: भारतीय वेधशाला के टेलीस्कोप ने पृथ्वी के निकट से गुजरते एक क्षुद्रग्रह की तस्वीरें खीचीं। 2011 एमडब्ल्यू-1 नाम का क्षुद्रग्रह करीब 116 मीटर लंबा और एक इमारत के आकार का था। यह पृथ्वी के नजदीक से करीब 28,946 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गुजरा।

नई दिल्लीJul 27, 2024 / 02:21 pm

Paritosh Shahi

Ladakh: लद्दाख के हानले में भारतीय वेधशाला के टेलीस्कोप ने पृथ्वी के निकट से गुजरते एक क्षुद्रग्रह की तस्वीरें खीचीं। 2011 एमडब्ल्यू-1 नाम का क्षुद्रग्रह करीब 116 मीटर लंबा और एक इमारत के आकार का था। यह पृथ्वी के नजदीक से करीब 28,946 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गुजरा। गति इतनी तेज थी कि यह आसमान में सिर्फ रोशनी की लाइन के रूप में नजर आया। क्षुद्रग्रह अपोलो वर्ग का हिस्सा था। इस वर्ग के क्षुद्रग्रह पृथ्वी की कक्षा के पास से गुजरते हैं। इनके पृथ्वी से टकराने की आशंका रहती है। इन पर अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा समेत विभिन्न एजेंसियां नजर रखती हैं। लद्दाख में ग्रोथ इंडिया टेलीस्कोप वेधशाला से इस पर नजर रखी जा रही थी। इसके पृथ्वी के निकट पहुंचते ही तस्वीरों में कैद कर लिया गया।

तस्वीरें की साझा

पृथ्वी के नजदीक से गुजरते क्षुद्रग्रह की तस्वीरें आइआइटी बॉम्बे की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और खगोल भौतिकी अनुसंधान (स्टार) प्रयोगशाला के खगोल वैज्ञानिक वरुण भालेराव ने एक्स पर साझा की। लद्दाख में ग्रोथ इंडिया टेलीस्कोप भारत का पहला पूर्ण रोबोटिक ऑप्टिकल अनुसंधान टेलीस्कोप है। इसे भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आइआइए) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे (आइआइटीबी) ने निर्मित किया। ग्रोथ-इंडिया परियोजना वेधशालाओं के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है, जिसे ग्लोबल रिले ऑफ ऑब्जर्वेटरीज वॉचिंग ट्रांजिएंट्स हैपन (ग्रोथ) के नाम से जाना जाता है। इसका उद्देश्य खगोलीय घटनाओं की निरंतर निगरानी करना है।

Hindi News / National News / Ladakh : 28,946 किमी प्रति घंटे की थी गति, भारतीय टेलीस्कोप ने इमारत के आकार का क्षुद्रग्रह किया कैद

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.