scriptExplainer: हिंदी राज्यों में कैसा रहा BJP का प्रदर्शन, जानें क्या कहते हैं आंकड़े | BJP performance in hindi states | Patrika News
राष्ट्रीय

Explainer: हिंदी राज्यों में कैसा रहा BJP का प्रदर्शन, जानें क्या कहते हैं आंकड़े

BJP: भाजपा हिंदी भाषी राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में सत्ता में है। इनमें से मध्य प्रदेश को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में भाजपा के प्रदर्शन में गिरावट हुई है।

नई दिल्लीOct 14, 2024 / 01:19 pm

Devika Chatraj

Bharatiya Janata Party: बीजेपी (BJP) दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। वर्ष 2014 के बाद से BJP लगातार तीसरी बार केंद्र में अपनी सरकार बना चुकी है। भाजपा ने पिछले कुछ चुनावों में मध्य भारत के हिंदी राज्यों में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। कुछ समय पहले हुए लोकसभा चुनाव और हाल ही में हुए कुछ राज्यों में विधानसभा चुनावों में पार्टी को हुए नुकसान के बाद यह कहा जाने लगा है कि भाजपा का प्रदर्शन अब हिंदी राज्यों में गिर रहा है। हालांकि कई राज्यों में पार्टी का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। वहीं कई राज्यों में सीटों की संख्या में कमी देखने को मिली है। आईए देखते हैं कि आंकड़े क्या कहते हैं?

दिल्ली (Delhi)

भाजपा दिल्ली में 1998 से ही सत्ता से बाहर है। हालांकि बीते 3 लोकसभा चुनाव में भाजपा दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटें जीत रही हैं। बीते 2 विधानसभा चुनाव में भाजपा यहां दहाई अंकों में सीटें नहीं जीत पा रही है।

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh)

छत्तीसगढ़ में 2014 में भाजपा को 11 लोकसभा सीटों पर जीत मिली थी, जबकि 2019 में 9 और 2024 में 10 पर जीत मिली। 2018 के विधानसभा चुनाव में 15 सीटें जीतकर भाजपा सत्ता से बाहर हो गई थी। हालांकि, 2023 विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 54 सीटें जीतीं।

राजस्थान (Rajasthan)

राजस्थान में 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 73 सीटों पर जीत मिली थी। 2023 में पार्टी ने 115 सीटें जीतकर सरकार बनाई। वहीं, 2014 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 25 और 2019 में 24 सीटें जीतीं। हालांकि, 2024 में उसे केवल 14 सीटें मिलीं।

मध्य प्रदेश (MP)

मध्य प्रदेश में 2018 में भाजपा को 109 सीटें मिली थीं। हालांकि, 2023 विधानसभा चुनाव में उसने 163 सीटें जीतीं। हालिया लोकसभा चुनाव में भाजपा का यहां की सभी 29 सीटों पर जीत मिली है।

झारखंड (Jharkhand)

झारखंड में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन गिरा है। 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 12 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2024 में 8 सीट से ही जीत सकी।
2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 37 सीटों के साथ सरकार बनाई थी। हालांकि, 2019 में केवल 25 सीटों पर पार्टी को जीत हासिल हुई। झारखंड में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं।

हिमाचल (Himachal Pradesh)

उत्तराखंड की तरह ही हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर रही है, लेकिन विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन गिर रहा है। भाजपा ने 2019 और 2024 में राज्य की सभी 4 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। हालांकि, 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 44 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी, लेकिन 2022 में उसे सिर्फ 25 सीटों पर जीत हासिल हुई और सत्ता से बाहर हो गई।

उत्तराखंड (Uttarakhand)

उत्तराखंड में लोकसभा चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन एक जैसा बना हुआ है, लेकिन विधानसभा चुनावों में पार्टी की सीटें कम हुई हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 70 में से 56 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि 2022 में उसकी जीत का आंकड़ा 47 हो गया है। उत्तराखंड में लोकसभा की 5 सीटें हैं। पिछले 3 चुनावों से भाजपा यहां सभी 5 की 5 सीटें जीत रही हैं।

बिहार (Bihar)

2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 53 सीटें जीती थीं और JDU ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी।
हालांकि, 2017 में JDU के सहयोग से भाजपा सत्ता में आ गई। 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 74 सीटें जीतीं। 2014 के लोकसभा चुनाव भाजपा ने बिहार की 22 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2019 में उसे 17 और 2024 में केवल 12 सीटें मिलीं।

उत्तर प्रदेश (UP)

2017 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 312 सीटें जीती थीं, लेकिन 2022 में सीटें गिरकर 255 पर आ गई हैं। इस तरह भाजपा को 57 सीटों का नुकसान हुआ, लेकिन वो दोबारा सरकार बनाने में सफल हुई। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 80 में 71 सीटें जीती थीं। इसके बाद 2019 में 62 सीटों पर जीत मिली, जबकि 2024 में भाजपा केवल 33 सीटें ही जीत सकीं।
भाजपा 7 हिंदी भाषी राज्यों- उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में सत्ता में है। इनमें से मध्य प्रदेश को छोड़कर बाकी सभी राज्यों में भाजपा के प्रदर्शन में गिरावट हुई है। हालांकि, बिहार को छोड़कर बाकी राज्यों में भाजपा अपने दम पर सत्ता में है और कई राज्यों में सत्ता बरकरार रखने में कामयाब भी हुई है। बिहार में जनता दल यूनाइडेट (JDU) और दूसरी पार्टियों के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार है।

Hindi News / National News / Explainer: हिंदी राज्यों में कैसा रहा BJP का प्रदर्शन, जानें क्या कहते हैं आंकड़े

ट्रेंडिंग वीडियो