
भाजपा ने दिल्ली वालों की पीठ में घुरा घोंपाः केजरीवाल
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार की प्रशासनिक शक्तियों को लेकर गुरुवार को लोकसभा में पारित राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक-2023 को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा ने विधेयक पारित करवा कर दिल्ली वालों की पीठ में छुरा घोंपा है।
वहीं, पार्टी के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा की दिल्ली में सियासी जमीन बची नहीं है, इसलिए विधेयक के जरिए केजरीवाल सरकार की शक्तियां छीनने की साजिश रची गई।
केजरीवाल ने विधेयक को लेकर ट्वीटर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। विधेयक पारित होने के बाद उन्होंने ट्वीट किया कि भाजपा ने हर बार दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया था। खुद नरेंद्र मोदी ने साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने पर दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने का वादा किया था, लेकिन आज इन लोगों ने दिल्ली वालों की पीठ में छुरा घोंप दिया।
इससे पहले एक अन्य ट्वीट में उन्होंने विधेयक पर चर्चा के जवाब में गृह मंत्री के भाषण का हवाला देते हुए कहा कि बिल का समर्थन करने के लिये शाह के पास एक भी वाजिब तर्क नहीं है। उन्होंने लिखा कि ये बिल दिल्ली के लोगों को गुलाम बनाने वाला और उन्हें बेबस व लाचार बनाने वाला बिल है।
राज्यसभा सांसद चड्ढा ने एक बयान में कहा कि भाजपा दिल्ली सरकार का महत्व खत्म करना चाहती है, ताकि न रहेगा बांस और न बजेगी बांसुरी। मतलब न रहेगी दिल्ली सरकार के पास कोई शक्ति और न रहेगा दिल्ली में सियासत का कोई महत्व। गृह मंत्री शाह के लोकसभा में दिए गए वक्तव्य से दिल्ली सेवा बिल लाने की उनकी असली मंशा स्पष्ट हो गई है।
Updated on:
04 Aug 2023 06:50 am
Published on:
03 Aug 2023 10:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
