राष्ट्रीय

Bihar By-Poll 2024: बिहार में महागठबंधन को लगा बड़ा झटका, कांग्रेस नेता ने छोड़ी पार्टी

Bihar Politics: बिहार में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच कांग्रेस नेता परशुराम तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

पटनाOct 24, 2024 / 05:47 pm

Ashib Khan

Bihar By-Poll 2024: बिहार (Bihar) में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है। इसी बीच महागठबंधन को बड़ा झटका लगा है। दरअसल कांग्रेस नेता परशुराम तिवारी (Parshuram Tiwari) ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। परशुराम तिवारी ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge)को भेजा है। बता दें कि चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए तीन पर RJD ने अपने प्रत्याशी उतारे है वहीं एक सीट पर भाकपा माले ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज सीट आरजेडी के खाते में गई है। तरारी सीट पर भाकपा माले ने अपना प्रत्याशी उतारा है। हालांकि विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस का अपना कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं है। 

कांग्रेस नेता परशुराम तिवारी ने छोड़ी पार्टी

रामगढ़ सीट से आरजेडी से अजीत सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है जो कि आरजेडी प्रदेशाध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे हैं। उनकी उम्मीदवारी के बाद इस इलाके से आने वाले पुराने कांग्रेस नेता परशुराम तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि परशुराम तिवारी करीब दो दशक तक कांग्रेस से जुड़े रहे। उन्होंने अपना इस्तीफा सीधा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा है। दरअसल, रामगढ़ विधानसभा सीट से परशुराम तिवारी दो बार कांग्रेस के प्रत्याशी भी रह चुके हैं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि बिहार में कांग्रेस पार्टी आरजेडी की पिछलग्गू बनकर रह गई है। परिवारवाद के पोषक लोगों के बूते पर पार्टी और गठबंधन चल रहा है और अब कांग्रेस के साथ रहना मुमकिन नहीं है। इसलिए वह प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं।

13 नवंबर को होगा मतदान 

बता दें कि रामगढ़, तरारी, बेलागंज और इमामगंज से विधायक सांसद बन चुके हैं। इसलिए इन सीटों पर उपचुनाव हो रहे है। इन सीटों पर 13 नवंबर को मतदान और 23 नवंबर को मतगणना होगी। वहीं इन सीटों पर उपचुनाव के लिए 25 अक्टूबर तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे और 28 अक्टूबर तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। वहीं 30 अक्टूबर को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। 
यह भी पढ़ें

Bihar By-Poll 2024: 4 सीटों पर महागठबंधन ने घोषित किए प्रत्याशी, जानें किसे कहां से दिया टिकट

Hindi News / National News / Bihar By-Poll 2024: बिहार में महागठबंधन को लगा बड़ा झटका, कांग्रेस नेता ने छोड़ी पार्टी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.