scriptकलक्टर ने विद्या र्थियों से कहा – असफलता से प्रशस्त होता है सफलता का मार्ग, समाज व देश को सही दिशा में आगे ले जाएं | Patrika News
नागौर

कलक्टर ने विद्या र्थियों से कहा – असफलता से प्रशस्त होता है सफलता का मार्ग, समाज व देश को सही दिशा में आगे ले जाएं

शहर के सेठ किशनलाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को रघुकुल फाउंडेशन एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह, पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सामाजिक संस्था ने किया प्रतिभाओं का सम्मान, पौधरोपण कर बांटे 1100 पौधे

नागौरJul 25, 2024 / 12:59 pm

shyam choudhary

Education news
नागौर. शहर के सेठ किशनलाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को रघुकुल फाउंडेशन एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह, पौधरोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि पांचला सिद्धा के महंत सूरजनाथ, पद्मश्री हिम्मताराम भांभू, रघुकुल फाउंडेशन के अध्यक्ष पूरणसिंह पीपासर, जिला शिक्षा अधिकारी रामनिवास जांगिड़, सहायक निदेशक शिक्षा बीकानेर मोहनराम सियाग, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनिता बागड़ी, भामाशाह रामसिंह राठौड़ थे।
अतिथियों, प्रायोजक प्रतिनिधियों ने नागौर ब्लॉक के समस्त राजकीय विद्यालयों के 10वीं व 12वीं की परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 79 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्कूल बैग व एक एक पौधा देकर सम्मानित किया। इस मौके पर विद्यालयों के बेहतरीन परीक्षा परिणाम एवं गुणवत्तापूर्ण रिजल्ट के लिए नागौर ब्लॉक के 33 शिक्षकों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के अध्यक्ष पूरणसिंह पीपासर ने छात्र-छात्राओं को 1100 पौधे वितरित कर पेड़ बनाने का संकल्प दिलाया। अतिथियों ने कांकरिया स्कूल परिसर में पौधरोपण किया।
गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा व सतत प्रयास से ही मिलती है सफलता

मुख्य अतिथि कलक्टर पुरोहित ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सतत प्रयास से ही सफलता मिलती है। असफलता से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। कलक्टर ने राजकीय विद्यालयों में अध्यनरत बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बालिका शिक्षा पर जोर दिया। कलक्टर ने कहा कि रघुकुल फाउंडेशन की ओर से दिया जा रहा यह सम्मान आपके लिए चैलेंज है, ताकि आप भविष्य में बेहतर करें, समाज व देश को सही दिशा में आगे ले जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सिर्फ पढ़ाई के प्रति ईमानदार रहना चाहिए। स्वस्थ रहने के लिए संतुलित भोजन करें। फास्ट फूड व जंक फूड को छोड़ें।
नीतियों का हमेशा पालन करें

महंत सूरजनाथ ने कहा कि फाउंडेशन सामाजिक दायित्वों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर रहा है। ऐसे सामाजिक सरोकारों व पर्यावरण एवं प्रतिभाओं के सम्मान समारोह आयोजन से समाज में अच्छा संदेश जाता है। बालिकाओं के शिक्षित होने से ही परिवार समाज और देश की समृद्धि होती है।
पद्मश्री भाम्भू ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पद्मश्री भाम्भू ने कहा कि जल, जंगल, जलवायु, जमीन व जीव के पर्यावरण चक्र को नियंत्रित करना मानव जीवन के लिए अहम है। हमें इनका महत्व समझते हुए अधिकाधिक पौधे लगाकर विकसित करना होगा। फाउंडेशन के संस्थापक पूर्ण सिंह एवं समाजसेवी रुपारामजाखड़ का पर्यावरण के प्रति जनचेतना जागृत करने पर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शरद जोशी एवं राधेश्याम गोदारा ने किया।

Hindi News/ Nagaur / कलक्टर ने विद्या र्थियों से कहा – असफलता से प्रशस्त होता है सफलता का मार्ग, समाज व देश को सही दिशा में आगे ले जाएं

ट्रेंडिंग वीडियो