मुंबई

मुंबई पुलिस बोली- अब मरीन ड्राइव मत आईये… जानिए क्यों

Team India Victory Parade : भारतीय टीम मुंबई के मरीन ड्राइव में खुली बस में रोड शो कर रही है। आज टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ियों को 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि से भी सम्मानित किया जाएगा।

मुंबईJul 04, 2024 / 08:33 pm

Dinesh Dubey

Team India Victory Parade : टी20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम आज (4 जुलाई) मुंबई के मरीन ड्राइव में भव्य रोड शो कर रही है। इसके मद्देनजर मुंबई पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए लाखों की संख्या में प्रशंसकों के एकत्रित होने से मरीन ड्राइव में भयंकर जाम की स्थिति बन गई है। इसके चलते मुंबई पुलिस ने शहरवासियों से बड़ी अपील की है।
मुंबई पुलिस ने कुछ समय पहले एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम की विजय परेड के लिए वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) के आसपास प्रशंसकों की भारी भीड़ हो गई है। इसलिए नागरिकों से अनुरोध है कि वे मरीन ड्राइव की ओर जाने से बचें। मुंबई पुलिस किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अत्यधिक सावधानी बरत रही है।
https://twitter.com/MumbaiPolice/status/1808846481337757981
बारबाडोस से गुरुवार सुबह देश लौटने वाली विश्व चैंपियन भारतीय टीम अभी एक खुली बस में नरीमन पॉइंट और वानखेड़े स्टेडियम के बीच मरीन ड्राइव पर रोड शो कर रही है। इसके बाद दक्षिण मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह होगा। बारिश के बावजूद वानखेड़े स्टेडियम भी खचाखच भर गया है. मुंबई पुलिस ने स्टेडियम परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था की है।
पहले विजय जुलूस नरीमन प्वाइंट से वानखेड़े स्टेडियम तक शाम पांच से सात बजे के बीच निकाला जाना था, लेकिन इसमें देरी हो गई। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) वानखेड़े में खिलाड़ियों को 125 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित करेगी।
इससे पहले आज शाम में भारतीय क्रिकेट टीम विशेष विमान से मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां प्रशंसकों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।

बता दें कि तूफान बेरिल के कारण भारतीय टीम की देश वापसी में देरी हुई। शनिवार को भारतीय टीम ने देश को दूसरा टी20 विश्व खिताब दिलाया जिससे आईसीसी ट्रॉफी का 11 साल का इंतजार खत्म हुआ। इससे पहले 2013 में टीम इंडिया ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।

Hindi News / Mumbai / मुंबई पुलिस बोली- अब मरीन ड्राइव मत आईये… जानिए क्यों

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.