मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली स्थित हेरिटेज एविएशन कंपनी का दो इंजन वाला अगस्ता 109 हेलीकॉप्टर बावधन क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। महाराष्ट्र एनसीपी प्रमुख सुनील तटकरे को लाने के लिए मुंबई पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया। इस हादसे में दो पायलट और एक इंजीनियर की जान चली गई।
हादसे का शिकार हुआ हेलीकॉप्टर सुनील तटकरे को मंगलवार को बीड जिले के परली में धनंजय मुंडे की सभा में ले गया था। हेलीकॉप्टर कल देर रात परली से पुणे आया। इस बीच, एनसीपी के कुछ पदाधिकारी नेता अमित शाह से मिलने मुंबई पहुंचे थे। उसी हेलीकॉप्टर से सुनील तटकरे मुंबई से रायगढ़ स्थित अपने आवास पर जाने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।
शुरुआती जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि हेलीकॉप्टर धुंध के कारण हादसे का शिकार बना। जमीन पर गिरते ही हेलीकॉप्टर में आग लग गई। इससे उसमें सवार तीनों लोगों के शव बुरी तरह जल गए। मृतकों की पहचान गिरीश कुमार, प्रीतम सिंह भारद्वाज और परमजीत सिंह के तौर पर हुई है।
पिंपरी-चिंचवाड के डीसीपी विशाल गायकवाड़ ने कहा, आज हेरिटेज एविएशन के एक निजी हेलीकॉप्टर ने ऑक्सफोर्ड काउंटी गोल्फ कोर्स हेलीपैड से उड़ान भरी और वह मुंबई के जुहू जा रहा था। आज सुबह 7.30 बजे उड़ान भरने के तुरंत बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में 2 पायलट और एक इंजीनियर की मौत हो गई। इस हादसे की जांच DGCA करेगी।