मुंबई

मुंबई हिट एंड रन केस में शिवसेना नेता हिरासत में, बेटा फरार, CM बोले- दोषी को नहीं बख्शेंगे

Mumbai Accident ; मुंबई हिट एंड रन मामले में एक्शन जारी है। बीएमडब्ल्यू कार से दंपति को टक्कर मारने वाला आरोपी मिहिर शाह फरार है। इस मामले में पुलिस ने शिवसेना शिंदे गुट के उपनेता को हिरासत में लिया है। उसके फरार बेटे की तलाश कर रही है।

मुंबईJul 07, 2024 / 07:49 pm

Dinesh Dubey

Worli Hit And Run Case : मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार सुबह-सुबह हिट एंड रन का मामला सामने आया। तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार (BMW) ने स्कूटर पर जा रहे पति-पत्नी को टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। एट्रिया मॉल के पास हुए इस हादसे में वर्ली कोलीवाड़ा निवासी कावेरी नखवा (उम्र 45) की मौत हो गई। दुर्घटना के समय एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के उपनेता राजेश शाह का बेटा मिहिर शाह नशे की हालत में बीएमडब्ल्यू चला रहा था।
वर्ली पुलिस ने बताया कि मिहिर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। जबकि बांद्रा इलाके से बीएमडब्ल्यूकार बरामद कर ली गई है। पुलिस हादसे के समय कार में मौजूद राजेंद्र सिंह बिदावत और मुख्य आरोपी मिहिर के पिता राजेश शाह को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें

मुंबई में हिट एंड रन का मामला, BMW कार ने दंपत्ति को कुचला, महिला की मौत

मुंबई डीसीपी जोन-3 कृष्णकांत उपाध्याय ने कहा, वर्ली हिट एंड रन मामले के आरोपी व्यक्ति के पिता राजेश शाह को वर्ली पुलिस स्टेशन में हिरासत में रखा गया है। कार में मौजूद एक और व्यक्ति राजेंद्र सिंह भी हिरासत में है। पुलिस को अभी तक मिहिर के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, आज सुबह 5:30 बजे के करीब बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटर सवार दो लोगों को कुचल दिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल है। हादसा तब हुआ जब स्कूटर सवार दंपत्ति वर्ली के एट्रिया मॉल के सामने से गुजर रहे थे। घटना के बाद कार चालक अपनी कार लेकर मौके से भाग गया।
मछुआरा समुदाय ‘कोली’ दंपत्ति ससून डॉक फिश मार्केट से मछली खरीदकर घर लौट रहा था। टक्कर लगने के बाद दोनों कार की बोनट पर जा गिरे, इसके बाद भी कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। हालांकि पति तेज रफ्तार कार से कूदने में कामयाब रहा। लेकिन काफी दूर तक महिला घसीटती रही और फिर नीचे गिर गई।
बताया जा रहा है कि टक्कर मारने के बाद आरोपी ने कार की स्पीड और बढ़ा दी। इस वजह से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को नायर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीँ, पति का इलाज चल रहा है।

कानून के सामने सब बराबर- CM

शिवसेना प्रमुख व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मैंने पुलिस से बात की है। दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा। सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, कानून के सामने सब बराबर हैं।
वहीँ, इस मामले में गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस को बिना किसी राजनीतिक दबाव के कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। वर्ली पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

तो बच जाती महिला की जान…

पुलिस की मानें तो शिवसेना के पालघर जिले के बड़े नेता राजेश शाह का बेटा मिहिर कार चला रहा था। हादसे से पहले कथित तौर पर मिहिर ने जुहू के वाइस ग्लोबल बार में दोस्तों के साथ शराब पी थी। बताया जा रहा है कि यदि कार चालक समय रहते कार रोक देता तो शायद महिला की जान बच जाती।

Hindi News / Mumbai / मुंबई हिट एंड रन केस में शिवसेना नेता हिरासत में, बेटा फरार, CM बोले- दोषी को नहीं बख्शेंगे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.