bell-icon-header
मुंबई

18000 करोड़ में बने अटल सेतु में दिखीं दरारें, कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, हाईकोर्ट से लगाई ये गुहार

MTHL Cracks : पीएम मोदी ने 12 जनवरी को अटल सेतु ब्रिज का शुभारंभ किया था। अटल सेतु 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना है। 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला यह ब्रिज देश का सबसे लंबा समुद्री पुल है। इसका 16.5 किमी हिस्सा समुद्र में और 5.5 किमी जमीन पर है।

मुंबईJun 21, 2024 / 06:24 pm

Dinesh Dubey

Atal Setu Cracks : देश के सबसे लंबे समुद्री पुल ‘अटल सेतु’ (MTHL) में पहली मॉनसून बारिश में ही दरार पड़ने की खबर है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने शुक्रवार को नवी मुंबई में मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) ब्रिज यानी अटल सेतु का दौरा किया। उन्होंने अटल सेतु पर आई दरारों का निरीक्षण किया और बीजेपी और मोदी सरकार पर हमला बोला। इसी साल 12 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 18 हजार करोड़ में बने अटल सेतु का उद्घाटन किया था।
यह भी पढ़ें

Atal Setu: मौज-मस्ती के लिए रोकी गाड़ी तो पड़ेगा भारी, दर्ज होगा क्रिमिनल केस!

मोदी-शाह का एटीएम बना महाराष्ट्र- कांग्रेस

अटल सेतु का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बात करते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, “…पूरे राज्य में भ्रष्टाचार हो रहा है। हम विधानसभा में भ्रष्टाचार के कई उदाहरण पेश करेंगे। अटल बिहारी बाजपेयी का देश के लोग सम्मान करते हैं। लेकिन बीजेपी उनके नाम पर भी भ्रष्टाचार करने में संकोच नहीं करती है। महाराष्ट्र अमित शाह और नरेंद्र मोदी के लिए एटीएम बन गया है… महाराष्ट्र को लूटकर गुजरात को दिया जा रहा है, इसलिए वे महाराष्ट्र की झूठी प्रशंसा करते हैं…”

हाईकोर्ट तुरंत संज्ञान लें- पटोले

एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस नेता पटोले ने कहा, यह बेहद चिंताजनक है कि जिस अटल सेतु पुल का उद्घाटन अभी कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था, उसमें दरार आ गई है। बड़ी संख्या में दरारें आने से यात्रियों में दहशत का माहौल है। बिहार में नवनिर्मित पुल के गिरने की घटना के बाद अब मुंबई में ये चौंकाने वाली घटना सामने आई है, इससे सरकार के कामकाज पर कई सवाल उठ रहे हैं। यह मामला बेहद गंभीर है और हमारी मांग है कि उच्च न्यायालय इस पर तुरंत संज्ञान ले और मामले की जांच कराये।

17840 करोड़ से ज्यादा की आई लागत

मालूम हो कि मुंबई को नवी मुंबई से जोड़ने वाली अटल सेतु का शुभारंभ 12 जनवरी को पीएम मोदी ने किया था। लगभग 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से बना छह लेन वाला यह ब्रिज 21.8 किमी लंबा है। इसका 16.5 किमी हिस्सा समुद्र में और 5.5 किमी जमीन पर है।
दिवंगत प्रधानमंत्री के सम्मान में इसका अधिकारिक नाम ‘अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति न्हावा शेवा अटल सेतु’ रखा गया है। इसी साल 13 जनवरी से इस पर यातायात शुरू हुआ है।

Hindi News / Mumbai / 18000 करोड़ में बने अटल सेतु में दिखीं दरारें, कांग्रेस ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप, हाईकोर्ट से लगाई ये गुहार

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.