मुंबई

‘मुंबई में होंगे कई धमाके…’, नए साल के जश्न के बीच मायानगरी को दहलाने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस

Mumbai Blast Threat Call: नए साल के जश्न के बीच मुंबई शहर में सीरियल बम ब्लास्ट की धमकी मिली है।

मुंबईDec 31, 2023 / 12:04 pm

Dinesh Dubey

Mumbai New Year 2024 Celebration: नए साल के जश्न के बीच मुंबई शहर में सिलसिलेवार बम धमाके (Serial Blasts) की धमकी दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम को एक अज्ञात शख्स ने धमकी भरा कॉल किया। हालांकि मुंबई पुलिस को अब तक की जांच में कुछ नहीं मिला है।
मुंबई पुलिस कंट्रोल को शनिवार शाम करीब 6 बजे एक धमकी भरा फोन आया। जिसमें फोन करने वाले अज्ञात शख्स ने दावा किया कि शहर में सिलसिलेवार धमाके होंगे और इतना कहने के बाद उसने फोन काट दिया। हालांकि नए साल के मौके पर आये इस गुमनाम कॉल को पुलिस ने गंभीरता से लिया और छानबीन शुरू की। पुलिस ने कई जगहों पर एहतियातन तलाश शुरू की। कॉलर की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें

RBI दफ्तर में आया धमकी भरा ईमेल, मुंबई में 11 जगहों पर बम धमाके की साजिश! मचा हड़कंप

एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने कई जगहों पर जांच शुरू कर दी है लेकिन अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अधिकारी ने कहा, मुंबई के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों और प्रतिष्ठानों पर तलाशी ली गई। कोई विस्फोटक या कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। आगे की जांच चल रही है। पुलिस फिलहाल कॉल करने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पिछले हफ्ते भी मुंबई को दहलाने की धमकी दी गई थी। एक धमकीभरा ईमेल भेजा गया था। जिसमें दावा किया गया था कि मुंबई में 11 जगहों पर बम रखे गए हैं। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और शहर के एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंकों सहित अन्य बैंकों को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी थी। ईमेल करने वाले ने भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के इस्तीफे की भी मांग की थी। बाद में पता चला कि यह एक फेक ईमेल था। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने इस मामले में गुजरात के वडोदरा से तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

शहर में कड़े बंदोबस्त

बता दें कि नए साल की पूर्व संध्या पर मुंबई के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है। शहरभर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए 15,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। बंदोबस्त में राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) और क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) के जवानों को भी तैनात किया जाएगा।

Hindi News / Mumbai / ‘मुंबई में होंगे कई धमाके…’, नए साल के जश्न के बीच मायानगरी को दहलाने की धमकी, अलर्ट पर पुलिस

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.