मुंबई

महाराष्ट्र: डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ किसान ने दर्ज कराई शिकायत, झूठ बोलने का लगाया आरोप

Devendra Fadnavis Complaint: महाराष्ट्र के किसान ने उपमुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए मांग की है की इस मामले की जांच कर पुलिस फडणवीस या महावितरण के दोषी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करे।

मुंबईDec 30, 2022 / 06:25 pm

Dinesh Dubey

देवेंद्र फडणवीस का विपक्ष पर प्रहार

Maharashtra Hingoli News: महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में एक नाराज किसान ने राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल बिजली वितरण कंपनी महावितरण (Maharashtra State Electricity Distribution Company Limited) ने रबी सीजन की फसल की सिंचाई से ठीक पहले कई किसानों की बिजली आपूर्ति काट दी। वो भी तब जब कुछ समय पहले ही उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने बकाया बिजली बिल की वजह से किसी किसान का बिजली नहीं काटने का निर्देश दिया था।
अपनी बिजली काटे जाने से नाराज एक किसान ने हिंगोली जिले के सेनगांव तालुका के गोरेगाव थाने में शिकायत दी है। किसान ने उपमुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए मांग की है की इस मामले की जांच कर पुलिस फडणवीस या महावितरण के दोषी अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करे।
यह भी पढ़ें

महाराष्ट्र के लाखों किसानों को मिला नए साल का तोहफा, शिंदे सरकार देगी 15 हजार रुपये

शिकायतकर्ता किसान का नाम सेनगांव तालुक के माझोड निवासी दशरथ गजानन मुले है। दशरथ ने शिकायत में कहा है कि उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 21 नवंबर 2022 को मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि जिन इलाकों में भारी बारिश हुई है और किसानों को नुकसान हुआ है, वहां बिजली आपूर्ति नहीं काटी जाये और जबरन बिजली बिल नहीं वसूला जाये। लेकिन उनके निर्देश के बावजूद बिजली वितरण कंपनी ने खेत में बिजली की आपूर्ति काट दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसे कई किसानों की बिजली काटी गई है।
गोरेगाव पुलिस को दी गई शिकायत में किसान ने कहा है, “बाढ़ राहत राशि को मुझे बिल भुगतान करने के लिए देना पड़ा। इसके लिए महावितरण ने मेरे साथ दादागिरी की। इससे पता चल रहा कि उपमुख्यमंत्री ने झूठ बोला था। इसकी जांच कर उपमुख्यमंत्री या फिर महावितरण के दोषी अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
दशरथ ने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री ही नहीं बल्कि मुख्यमंत्री ने भी कई बड़ी घोषणाएं की है। किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं अमल में नहीं लाई जा रही हैं। किसानों को लगा कि सरकार बदलने के बाद एकनाथ शिंदे किसानों के आंसू पोंछने में कामयाब होंगे। लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है जिससे किसानों में निराशा का माहौल है।

5 लाख किसानों को नए साल का तोहफा

एक दिन पहले ही गुरुवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने विदर्भ के धान किसानों को राहत देने के लिए बोनस की घोषणा की। इसके तहत सभी पंजीकृत किसानों को दो हेक्टेयर तक धान की खेती पर 15 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि बोनस के रूप में दी जाएगी। इससे पांच लाख किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई है। बोनस की राशि सीधे किसान के खाते में ऑनलाइन जमा की जाएगी।

Hindi News / Mumbai / महाराष्ट्र: डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ किसान ने दर्ज कराई शिकायत, झूठ बोलने का लगाया आरोप

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.