
Borivali Building Fire : मुंबई के बोरीवली इलाके में गुरुवार को एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारी ने बताया कि मुंबई उपनगर के बोरीवली इलाके की एक हाईराइज इमारत में गुरुवार दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया।
अधिकारियों ने बताया कि आग 22 मंजिला कनकिया समर्पण टावर (Kanakia Samarpan Tower) में लगी। घटना में 70 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
मगाथाने मेट्रो रेल स्टेशन (Magathane metro station) के करीब कनकिया समर्पण टावर में दोपहर 12:37 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय बीएमसी कर्मियों के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन में दोपहर 1:02 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान घटनास्थल पर 108 एम्बुलेंस सेवा को स्टैंडबाय पर रखा गया था।
आग इमारत की पहली और 16वीं मंजिल के बीच इलेक्ट्रिक डक्ट में बिजली के तारों और केबलों तक सीमित थी। लेकिन आग और धुएं के कारण दम घुटने के कारण चार लोगों को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने महेंद्र शाह (70) को मृत घोषित कर दिया। जबकि रंजना राजपूत (59), शिवानी राजपूत (26) और शोभा सावले (70) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इससे पहले मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। बाद में फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। धुएं की चपेट में आने से एक वरिष्ठ नागरिक सहित चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Updated on:
25 Jul 2024 09:02 pm
Published on:
25 Jul 2024 08:58 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
