bell-icon-header
मुंबई

महाराष्ट्र: CM पद के लिए पहली पसंद शिंदे, दूसरे नंबर पर फडणवीस? सर्वे पर BJP ने कही बड़ी बात

Maharashtra Politics: विज्ञापन में कहा गया है, बीजेपी को 30.2% लोग और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) को 16.2% लोग पसंद करते है। साथ ही मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद एकनाथ शिंदे को बताया गया है।

मुंबईJun 13, 2023 / 03:45 pm

Dinesh Dubey

शिंदे-फडणवीस सरकार के कैबिनेट विस्तार का रास्ता साफ

Eknath Shinde Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना का ‘राष्ट्र में मोदी और महाराष्ट्र में शिंदे सरकार’ विज्ञापन चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल यह विज्ञापन शिंदे गुट ने एक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रमुख अख़बारों में छपवाया है। जिसमें राज्य की जनता के बीच मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद एकनाथ शिंदे को बताया गया है, जबकि दूसरे नंबर पर देवेंद्र फडणवीस है।
शिवसेना के विज्ञापन में सर्वे के हवाले से दावा किया गया है कि महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से ज्यादा लोकप्रिय नेता मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे हैं। इस विज्ञापन में कहा गया है, मुख्यमंत्री पद के सर्वे में राज्य की 26.1% जनता एकनाथ शिंदे को फिर से मुख्यमंत्री बनाना चाहती है, जबकि 23.2% लोग देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं। इसमें साथ ही कहा गया है कि बीजेपी को 30.2% लोग और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) को 16.2% लोग पसंद करते है। यानी की महाराष्ट्र के 46.4% लोग बीजेपी-शिवसेना की जोड़ी को ही फिर से सत्ता पर काबिज करना चाहते है। हालांकि महाविकास आघाडी (MVA) ने शिवसेना के इस विज्ञापन को झूठा बताया है।
यह भी पढ़ें

महाराष्ट्र: कैबिनेट विस्तार से पहले शिंदे गुट के 5 मंत्रियों की होगी छुट्टी? BJP ने कही बड़ी बात


तनाव बढ़ने के आसार!

महाराष्ट्र में शिवसेना (शिंदे गुट) और बीजेपी मिलकर गठबंधन की सरकार चला रहे है। इस वजह से शिवसेना द्वारा इस विज्ञापन को जारी किए जाने के बाद से तरह-तरह की राजनीतिक चर्चाएं छिड़ गई हैं। एक तरफ कल्याण लोकसभा सीट को लेकर दोनों पार्टियों के बीच माहौल गरमा गया है। साथ ही कहा जा रहा है कि शिंदे गुट के कुछ मंत्रियों को बीजेपी मंत्रिमंडल से हटाना चाहती है, जिसके चलते राज्य सरकार का कैबिनेट विस्तार रुका हुआ है। इस बीच, शिंदे गुट ने अपने विज्ञापन में दावा कर दिया है कि एकनाथ शिंदे देवेंद्र फडणवीस से ज्यादा लोकप्रिय नेता हैं। जिससे आगामी दिनों में दोनों दलों के बीच तनातनी बढ़ने की उम्मीद है।

बीजेपी बोली- चुनाव में पसंद किया जाना अधिक महत्वपूर्ण

हालांकि, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले से जब पत्रकारों ने इसके बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि दोनों नेता अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा “एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री के तौर पर और देवेंद्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री के तौर पर अच्छा काम कर रहे हैं। वित्त मंत्री के रूप में फडणवीस ने एक अच्छा और लोकप्रिय बजट पेश किया। सर्वे में भी सरकार का प्रदर्शन अच्छा दिख रहा है। इसलिए यह निष्कर्ष निकालना गलत है कि फडणवीस सीएम शिंदे से पीछे हो गए है।
बावनकुले ने कहा, “शिवसेना और बीजेपी महागठबंधन भाइयों की तरह काम कर रही हैं। देवेंद्र जी और एकनाथ जी दोनों के मन में एक दूसरे के प्रति अच्छी भावना है। किसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है? यह सवाल दोनों में से किसी के मन में नहीं होता है। दोनों अच्छे बैट्समैन हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन आगे है या कौन पीछे है। प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना जरूरी है। इसलिए इसमें न पड़कर डबल इंजन की सरकार के काम को लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।“
बीजेपी नेता ने कहा, “महाराष्ट्र की जनता ने दो बार फडणवीस को सीएम बनाया है। किसी का महत्व किसी अन्य की वजह से कम नहीं होती। कोई कमजोर समझने से कमजोर नहीं हो जाता है। विज्ञापन के बजाय चुनाव में पसंद किया जाना अधिक महत्वपूर्ण हैं।“

यहां देखें शिंदे गुट का विज्ञापन-

Hindi News / Mumbai / महाराष्ट्र: CM पद के लिए पहली पसंद शिंदे, दूसरे नंबर पर फडणवीस? सर्वे पर BJP ने कही बड़ी बात

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.