Mumbai VHP Protest : मुंबई पुलिस की कार्रवाई से नाराज विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वडाला पुलिस स्टेशन के बाहर जुट गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
मुंबई (Mumbai News) के वडाला इलाके में राम नवमी (Ram Navami Rally in Wadala) के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) द्वारा आयोजित शोभायात्रा को लेकर रविवार को तनावपूर्ण माहौल बन गया। दरअसल मुंबई पुलिस ने इस रैली को लेकर अनुमति नहीं दी थी, जिससे विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। हालांकि बाद में भारी विरोध और संघर्ष के बाद पुलिस ने रैली निकालने की इजाजत दे दी।
फिर भी, विश्व हिंदू परिषद द्वारा रैली की तैयारी की जा रही थी। इस बीच जानकारी सामने आई है कि रैली से पहले पुलिस और विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ताओं के बीच बड़ी झड़प हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।
राम नवमी के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद ने भव्य शोभायात्रा की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने पुलिस से औपचारिक अनुमति मांगी थी, लेकिन पुलिस ने तय मार्ग पर यात्रा निकालने की मंजूरी नहीं दी। इसके बावजूद भी वीएचपी कार्यकर्ताओं ने रैली की पूरी तैयारी की, शहरभर में पोस्टर लगाए गए थे और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह था।
रविवार सुबह जब कार्यकर्ता शोभायात्रा के लिए एकत्र हुए, तो पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे झड़प में बदल गई। वीएचपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज वीएचपी और अन्य हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में वडाला पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। ‘जय श्रीराम’ के नारों से इलाका गूंज उठा। हालात को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाला और कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश की।
पुलिस और प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण संवाद के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। खबर है कि पुलिस ने आखिरकार शोभायात्रा निकालने की अनुमति दे दी है। रैली की अनुमति मिलने के बाद पूरा मामला शांत हो गया।