bell-icon-header
मोरेना

भू माफिया संकट में, जल्द होंगी अवैध कॉलोनी नष्ट

– शहर व सीमा से सटे क्षेत्रों में 150 से अधिक अवैध कॉलोनियां चिन्हिंत – नगर निगम और एसडीएम कार्यालय की टीम कर रही हैं सर्वे

मोरेनाApr 06, 2024 / 04:13 pm

Ashok Sharma

भू माफिया संकट में, जल्द होंगी अवैध कॉलोनी नष्ट

मुरैना. नगर निगम सीमा व उससे सटी पंचायतों में हो रही अवैध कॉलोनियों के सर्वे के लिए निगम व एसडीएम कार्यालय से टीम लगाई गई। अभी तक 150 से अधिक अवैध कॉलोनियों को चिन्हिंत किया जा चुका है। कुछ को नोटिस भी जारी किए गए हैं। भू माफिया संकट में हैं, उन्होंने रातों रात करोड़पति होने के जो सपने संजोए थे, उन सपनों पर जल्द जेसीबी चलने वाली है।
नगर निगम से भवन निर्माण अधिकारी ललित शर्मा, उपयंत्री ऋषिकेश शर्मा, इंजीनियर अमरनाथ व्यास, शैलेन्द्र श्रीवास्तव सहित अन्य इंजीनियरों की तीन टीम सर्वे में जुटी हुई हैं। वहीं एसडीएम भूपेन्द्र ङ्क्षसह कुशवाह ने शहर एवं सटी हुई पंचायतों में हो रही अवैध कॉलोनी की सर्वे के लिए संबंधित क्षेत्र के पटवारियों को लगाया गया है। ये अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर उस जमीन की पूरी जानकारी एकत्रित कर रहे हैं, साथ ही पंचनामा भी तैयार किया जा रहा है।
इन नियमों का पालन होना जरूरी
– कॉलोनाइजर का लाइसेंस और उसका ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीयन हो।
– लैंडयूज के अनुसार टाउन एडं कंट्री से योजना का ले आउट मंजूर हो।
– ननि में विकास शुल्क भरना होता है और विकास करने व प्लॉट विक्रया करने की अनुमति कमिश्नर से लेनी होती है।
– शासन के नियमानुसार कॉलोनियों में कमजोर वर्ग के लोगों को प्लाट देना होता है।
– कॉलोनी नियमों के मुताबिक आंतरिक व बाह्य विकास कार्य जिसमें पानी, बिजली, सडक़, सीवर, खेल मैदान, पार्क, ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन के कार्य कराने होते हैं।
फैक्ट फाइल
– 150 से अधिक अवैध कॉलोनी की जा चुकी हैं चिन्हित।
– 140 से अधिक अवैध कॉलोनी हैं नगर निगम सीमा में।
– 300 से अधिक अवैध कॉलोनी तैयार हो रही हैं निगम व आसपास की पंचायतों में।
– 2023 में चिन्हिंत की गई थीं 76 अवैध कॉलोनी।
– 18 लोगों पर हो चुकी है 2022 में एफआइआर।
– 02 बार पूर्व में हो चुकी है कॉलोनी नष्ट करने की कार्रवाई।
कथन
– नगर निगम की टीम पिछले कुछ दिन से अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर रही हैं। उनके पंचनामा तैयार किए गए हैं। राजस्व अधिकारियों से सर्वे क्रमांक की जानकारी कलेक्ट करके उनको नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
ललित शर्मा, भवन निर्माण अधिकारी, नगर निगम
– टीएल की बैठक में कलेक्टर ने अवैध कॉलोनी चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शहर व शहर से सटी पंचायतों में तैयार हो रही अवैध कॉलोनियों को चिन्हित करने पटवारियों को लगाया गया है। वह काम कर रहे हैं। जल्द पूरा सर्वे होने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
भूपेन्द्र सिंह कुशवाह, एसडीएम, मुरैना
इन क्षेत्रों में चिन्हित की अवैध कॉलोनी
अतरसुमा, नंदे का पुरा रोड, अंबाह बाइपास, जौरा रोड, आरटीओ चेकपोस्ट के आसपास, सुंदरपुर रोड, निंबी रोड, पुराना सेलटैक्स पर हाइवे से लेकर रेलवे लाइन तक, बाइपास पर हाइवे जींगनी खेड़ा तक, शिकारपुर रोड, मुरैना गांव के आसपास, जौरी, जौरा खुर्द गांव के आसपास, नेशनल हाइवे ग्वालियर रोड, यातायात नगर सहित शहर से जुड़ी पंचायतों में 100 से अधिक कॉलोनी अवैध चिन्हित की जा चुकी हैं। इनमें से 85 अवैध कॉलोनी नगर निगम की टीम चिन्हित कर चुकी हैं।

Hindi News / Morena / भू माफिया संकट में, जल्द होंगी अवैध कॉलोनी नष्ट

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.