
डिंपल यादव मैनपुरी में महिलाओं के बीच लगातार अपना चुनाव प्रचार कर रही हैं। इस दौरान महिलाओं के साथ उनकी जुगलबंदी देखने लायक है। कुछ महिलाएं उनके साथ सेल्फी लेती हैं। वहीं कुछ बुजुर्ग महिलाएं उनका हाथ पकड़ कान में कुछ कहने लगती हैं।

डिंपल यादव ने मैनपुरी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क कर बड़े-बुजुर्गों, माताओं-बहनों का स्नेह और आशीर्वाद ले रही है। डिंपल का कहना है कि नेताजी ने इस क्षेत्र के लोगों के लिए समर्पित होकर काम किया, जिसकी वजह से उन्हें भी इस क्षेत्र में सम्मान मिल रहा है।

विपक्ष पर तंज कसते हुए डिंपल का कहना है 6 वर्षों में इस क्षेत्र में दो पैसे का भी काम नहीं हुआ है। कोई नई सड़कें नहीं बनी है। जनता यह सब देख रही है। जिस तरह लोगों का स्नेह मिल रहा है मुझे लगता है कि इस बार बीजेपी का सारा बूथ मैनेजमेंट धरा का धरा रह जाएगा।

डिंपल यादव के राजनीतिक जीवन का यह तीसरा उपचुनाव है। इससे पहले डिंपल यादव एक उपचुनाव हारी और एक जीती हैं। डिंपल यादव दो बार लोकसभा की सांसद रह चुकी हैं।

मैनपुरी में मुलायम सिंह के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। मैनपुरी लोकसभा पर 5 दिसंबर को मतदान होगा। इसके बाद 8 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी। मैनपुरी के साथ ही खतौली और रामपुर विधानसभा का उपचुनाव भी होगा।