लखनऊ

UP Top News : दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल कोर्ट में तलब, 27 अगस्त को होगी सुनवाई

Top News – उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें सिर्फ एक क्लिक पर
 

लखनऊAug 20, 2022 / 05:09 pm

Sanjay Kumar Srivastava

Arvind Kejriwal

दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल कोर्ट में तलब, 27 अगस्त को होगी सुनवाई
कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में आरोपित दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अदालत में तलब किए गए हैं। यह आदेश एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने दिया है। कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 27 अगस्त की तिथि नियत की है। मामला अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली से जुड़ा है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी लोकसभा क्षेत्र से कवि कुमार विश्वास को प्रत्याशी बनाया था। उनके समर्थन में अरविंद केजरीवाल ने मुसाफिरखाना क्षेत्र के औरंगाबाद गांव में जनसभा में कांग्रेस और भाजपा के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनकी इस टिप्पणी को लेकर विवाद हो गया था। चार मई 2014 को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ लोकसभा चुनाव के उड़न दस्ता प्रभारी नायब तहसीलदार प्रेमचंद ने लोक जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत मुसाफिरखाना कोतवाली में केस दर्ज कराया। मामले की विवेचना पूरी कर पुलिस ने उनके खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। मामले की सुनवाई एमपी.एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव की अदालत में चल रही है।
चित्रकूट. जिले में विकास खंड रामनगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बांधी में बच्चों पर पेड़ की एक डाल टूटकर गिर गई। इसमें सात बच्चे घायल हो गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लव प्रकाश यादव ने बताया कि, सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया गया, जहां बच्चों को उपचार दिया गया। वहीं, प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि, सभी को मामूली चोट है। कुछ समय पश्चात घर भेज दिया गया। वहीं, घटना का संज्ञान लेते हुए सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बच्चों के इलाज में कोताही न बरती जाए। साथ ही, घायल बच्चों के समुचित उपचार कराने और हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक आनंद बताया कि बारिश के कारण पेड़ टूटकर गिर गया था। जिसमें कई बच्चों को चोटें आई हैं। सभी का इलाज अस्पताल में कराया गया है।
शरद पूर्णिमा पर आगरा दिवस मनाया जाएगा। इस बार शरद पूर्णिमा नौ अक्तूबर को है। मेयर नवीन जैन ने शनिवार को इसकी घोषणा की। मेयर ने बताया कि शरद पूर्णिमा के दिन आगरा दिवस मनाया जाएगा, क्योंकि अश्विन मास की पूर्णिमा को शरद पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी दिन ब्रज क्षेत्र में महारास रचाया था। आगरा में सफेद संगमरमर से बना मुगलकालीन स्मारक ताजमहल इस तिथि पर धवल चंद्रमा की चांदनी में अत्यंत आनंदित होता है। पूर्व में इस तिथि पर ताजमहल में रात्रि दर्शन की व्यवस्था के साथ ही आसपास के क्षेत्र में एक मेले जैसा माहौल होता था। वर्ष 1984 में सुरक्षा कारणों से ताजमहल का रात्रि दर्शन बंद हो गया था। वर्ष 2004 से कुछ प्रतिबंधों के साथ शरद पूर्णिमा के अवसर पर ताजमहल का रात्रि दर्शन फिर से प्रारंभ हो गया है। लेकिन अब पहले जैसी रौनक नहीं रही है। महापौर ने बताया कि, पांच अक्टूबर 2022 से 10 अक्टूबर 2022 तक आगरा शहर में विभिन्न जगहों पर कई कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
सहारनपुर. प्रदेश सरकार में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि, भारत का नव निर्माण हुआ है। आज उत्तर प्रदेश विकास की राह पर है। पूर्व की सरकारों में आम आदमी पर एफआरआई दर्ज होती थी और गुंडे खुलेआम घूमते थे। आज किसी में छेड़छाड़ करने की हिम्मत नहीं है और यदि छेड़छाड़ होती हैं तो गुंडों पर एफआईआर दर्ज होती है। उन्होंने कहा पहले जनपद सहारनपुर के व्यापारियों के मन में डर बसा था वह पलायन करते थे लेकिन अब जब से भाजपा की सरकार आ रही है तब से गुंडे पलायन कर रहे हैं व्यापारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहाकि, जो सपने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने देखे थे, उन सपनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगे बढ़ा रहे हैं। शनिवार को क्षेत्र के गांव जंदेहड़ा समसपुर में पूर्व सांसद स्व. चौधरी नकली सिंह की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्‍यक्‍त किए।

Hindi News / Lucknow / UP Top News : दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल कोर्ट में तलब, 27 अगस्त को होगी सुनवाई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.