उत्तर प्रदेश में रविवार 25 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ दाखिल हुआ। ऐसे में दिल्ली एनसीआर और नोएडा समेत कई जिलों में बादल छाने लगेंगे। इस कारण ठंड कुछ और दिनों की ही मेहमान रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम बदलने लगेगा। वहीं मार्च महीने के दूसरे सप्ताह से गर्मी का एहसास होने लगेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम के बदलते मिजाज का असर अगले दो दिनों में देखा जा सकता है। लखनऊ आईएमडी ने आगामी 28 फरवरी को बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों और जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं चलने से गरज-चमक के साथ बादल बरसेंगे। फरवरी महीने की विदाई के साथ ही मौसम बदलने लगेगा।
मार्च महीने से राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में तापमान बढ़ने लगेगा। मार्च के दूसरे सप्ताह तक गर्मी दस्तक देने लगेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राजधानी लखनऊ का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। वहीं न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।