लखनऊ

उपचुनाव से पहले यूपी में कांग्रेस ने खेला इक्का! 75 जिलों में एक साथ शुरू हुआ इंदिरा फेलोशिप अभियान

Indira Fellowship Campaign: भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) ने इंदिरा फेलोशिप अभियान की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को राजनीति में सशक्त बनाना है।

लखनऊOct 04, 2024 / 04:23 pm

Vishnu Bajpai

Indira Fellowship Campaign: उपचुनाव से पहले यूपी में कांग्रेस ने खेला इक्का! 75 जिलों में एक साथ शुरू हुआ इंदिरा फेलोशिप अभियान

Indira Fellowship Campaign: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को युवा कांग्रेस की ओर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने इंदिरा फेलोशिप अभियान शुरू करने की घोषणा की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को लखनऊ में कहा कि आज हम आईवाईसी द्वारा शुरू किए गए महिला सशक्तिकरण अभियान के बारे में जानकारी देने आए हैं। भारतीय युवा कांग्रेस ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इंदिरा फेलोशिप अभियान शुरू किया है। इस अभियान का नाम इंदिरा गांधी के नाम पर रखा गया है क्योंकि वह हमारे देश की महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी प्रेरणा से हमारे देश की महिलाएं और खासकर कांग्रेस पार्टी के लोग आगे बढ़ रहे हैं।

इंदिरा फेलोशिप के सहारे महिलाओं पर फोकस बढ़ा रही कांग्रेस

उन्होंने कहा कि इंदिरा फेलोशिप अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में काम करने वाली महिलाओं को आगे लाना है। हमें उन महिलाओं का सम्मान करना चाहिए ताकि वे अपने हक और अधिकार के बारे में खुलकर बात कर सकें। उन्हें मंच से समाज के लिए बात करनी चाहिए और फिर जनता द्वारा चुनी जानी चाहिए। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का जो बिल लोकसभा में पास हुआ है, उसके लिए महिलाओं को आगे आना होगा और प्रक्रिया में हिस्सा लेना होगा। राजनीतिक पंडितों का कहना है कि इंदिरा फेलोशिप अभियान के सहारे कांग्रेस महिलाओं के बीच गहरी पैठ बना रही है। इससे अन्य राजनीतिक दलों में खलबली मच गई है।
यह भी पढ़ें

…जब सीएम योगी ने बाल खिलाड़ी कुशाग्र के साथ खेला शतरंज, खुश होकर दिया आशीर्वाद

प्रियंका को बताया महिलाओं का आइडियल

कांग्रेस नेता ने कहा कि आपने देखा होगा कि हमारे देश में लोग हमेशा इंदिरा गांधी को आदर्श मानते आए हैं और आज भी मानते हैं। प्रियंका गांधी ने पूरे उत्तर प्रदेश में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का नारा दिया। इससे कई महिलाएं प्रेरित हुईं। उन्होंने कहा कि हम यूपी के सभी 75 जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और सभी महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। इस अभियान के तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ा जाएगा।
युवा कांग्रेस ने गुरुवार को महिलाओं से इंदिरा फेलोशिप अभियान से जुड़ने की अपील की। ​​अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को राजनीति में शामिल कर आगे बढ़ाना है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिलाओं से इस फेलोशिप के लिए पंजीकरण कराने और अभियान से जुड़ने को कहा। आधी आबादी, पूरा हक के नारे के तहत इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

क्या है इंदिरा फेलोशिप अभियान और इसका उद्देश्य?

इंदिरा फेलोशिप एक पहल है। जिसका उद्देश्य महिला नेताओं को सशक्त बनाना और उनकी राजनीतिक आकांक्षाओं का पोषण करना है। इंदिरा गांधी के सम्मान में उनके नाम पर शुरू की जा रही इस फेलोशिप का मुख्य उद्देश्य है राजनीति में अब तक लगभग अनसुने रहे स्त्री स्वर को पहचानना और उसे नेतृत्व और बदलाव का स्वर बनने के लिए आवश्यक ईंधन उपलब्ध कराना।
यह भी पढ़ें

अमेठी मर्डर केस में आया नया मोड़, पति-पत्नी और बच्चों की हत्या में प्रेमी की एंट्री, राहुल गांधी ने…

लैंगिक समानता के लिए यह आवश्यक है कि अधिक से अधिक महिलाएं निर्णय लेने की मेज पर जगह बनाएं। इस फेलोशिप का उद्देश्य उन कारणों को दूर करना है। जो राजनीति में महिलाओं के प्रवेश में बाधा बनते हैं। कार्यक्रम उन्हें राजनीतिक परिदृश्य की जटिलताओं से निपटने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और नेटवर्क उपलब्ध कराएगा।

इंदिरा फेलोशिप में महिलाओं को क्या करना होगा?​

फेलोशिप के दौरान, चयनित प्रतिभागियों को एक विस्तृत और सघन प्रशिक्षण से गुज़रना होगा। उन्हें नीति-निर्माण, जमीनी स्तर के अभियान और नेतृत्व विकास जैसे राजनीतिक आयामों पर उच्च स्तर के प्रशिक्षण मॉड्यूल और अनुभवी राजनीतिज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध होगा। इसके अलावा, उन्हें साथी कार्यकर्ताओं के विविध नेटवर्क से जुड़ने, गठबंधन और साझेदारियां बनाने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थायी परिवर्तन सुनिश्चित किया जा सके।

Hindi News / Lucknow / उपचुनाव से पहले यूपी में कांग्रेस ने खेला इक्का! 75 जिलों में एक साथ शुरू हुआ इंदिरा फेलोशिप अभियान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.