कोरबा

आज से खुल गए आठवीं से 12वीं तक के स्कूल

प्रशासन ने आठवीं से 12वीं तक के सभी स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है। कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद यह फैसला लिया गया है।

कोरबाFeb 01, 2022 / 02:33 pm

Rajesh Kumar kumar

JNV korba

इसमें एक फरवरी से स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर रानू साहू ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसमें कहा गया है कि एक फरवरी से जिले से सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8वीं से लेकर कक्षा 12वीं तक पढ़ाई शुरू हो जाएगी।
जिले में बढते कोविड संक्रमण के कारण प्रशासन ने स्कूलों का संचालन बंद किया गया था। अब जिले में संक्रमण की गति धीमी पड़ गई है। इस स्थिति में प्रशासन ने स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 15 से 18 वर्ष के विद्यार्थियों का कोविड टीकाकरण भी तेजी से कराया जा रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई और भविष्य को ध्यान में रखते हुए आठवीं से 12वी तक की कक्षाएं लगाने की अनुमति दी गई है। पहली से सातवीं तक की कक्षाएं अभी बंद रहेंगी।
शाला विकास समिति से सहमति
जारी किए गए आदेश के अनुसार केवल आठवीं की कक्षाएं शुरू करने के लिए प्रधानपाठक को शाला विकास समिति या जनभागीदारी समिति सहमति ली जाएगी। प्रधानपाठक शाला विकास समिति और जनभागीदारी समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में सहमति लेंगे। यदि बैठक में कक्षाओं के संचालन की सहमति नहीं बन पाती है तो , ऐसी स्थिति में ऑनलाईन कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी।

सेनेटाइजेशन किया जाना अनिवार्य
प्रशासन की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार कक्षाएं लगाने के पहले कमरों को अच्छी से सेनेटाइज किया जाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मास्क लगाना तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी करना होगा।
सर्दी खांसी या बुखार होने पर कक्षा में बैठने की अनुमति नहीं
किसी भी विद्यार्थी को यदि सर्दी खांसी बुखार हो तो उसे कक्षा में बैठने की अनुमति स्कूल प्रबंधन की ओर से नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही सभी स्कूलों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समय समय पर जारी कोविड संबंधी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
सात जनवरी को बंद किए गए थे स्कूल
जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने के बाद प्रशासन ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को सात जनवरी को बंद कर दिया था। इसमें प्राथमिक विद्यालय में भी शामिल थे। अब जब जिले धीरे धीरे वायरस के संक्रमण की रफ्तार कमजोर पड़ रही है प्रशासन की ओर से राहत दी जा रही है। इसी कड़ी में स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर के आदेश से संबंधित पत्र सभी स्कूलों को भेज दिया गया है।

ठप हो गई थी ऑनलाइन पढ़ाई
स्कूल बंद होने के बाद प्रशासन की ओर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू करने के लिए सभी शिक्षकों को कहा गया था। निजी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं चल रही थीं। लेकिन सरकारी विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं बंद हो गई थी। इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ रहा था। रविवार की अंक में छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहे असर को लेकर पत्रिका ने खबर प्रकाशित किया था। इसे कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। सोमवार को आठवीं से १२ वीं तक स्कूलों को खोलने का आदेश दिया।

Hindi News / Korba / आज से खुल गए आठवीं से 12वीं तक के स्कूल

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.