कोरबा

CG Suicide News: नहर में छलांग लगाने वाली नाबालिग लड़की की मिली लाश, मां ने की पहचान, जाने क्या है पूरा मामला…

CG Suicide News: कोरबा जिले के नहर चौक पर रेलिंग से हसदेव दांयी तट नहर में छलांग लगाने वाली लड़की की लाश लगभग 100 किलोमीटर दूर खरसिया के पास पानी में मिली है।

कोरबाOct 12, 2024 / 01:38 pm

Shradha Jaiswal

CG Suicide News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नहर चौक पर रेलिंग से हसदेव दांयी तट नहर में छलांग लगाने वाली लड़की की लाश लगभग 100 किलोमीटर दूर खरसिया के पास पानी में मिली है। उसकी पहचान कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग लड़की से की गई है। खरसिया पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। इस बीच लड़की की मां ने एक युवक पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें

CG Suicide: ट्रेन आते देख पटरी पर लेट गया युवक, कटकर शरीर के हो गए 2 टुकड़े

CG Suicide News: लड़की की मां की मानें तो लड़की गर्भवती थी

CG Suicide News: इसमें बताया गया है कि लड़की नाबालिग थी और एक स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ाई करती थी। उसका संबंध एक युवक से था जो ट्रांसपोर्ट नगर के एक गैरेज में काम करता है। दोनों के बीच करीबी रिश्ते थे। लड़की की मां की मानें तो लड़की गर्भवती थी। इसे लेकर लड़के के साथ उसका विवाद चल रहा था। घटना के दिन युवक लड़की के घर बाइक लेकर गया था। उसे बाइक से लेकर घूमने के लिए निकला था।
इसे बाद लड़की घर नहीं लौटी। तब से लड़की की मां बेटी के घर में आने का इंतजार कर रही थी। शव मिलने से मां दुखी है और उसने लड़की के प्रेमी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उसने यह भी आरोप लगाया है कि लड़का उसकी लड़की से समय-समय पर पैसे के लिए भी दबाव डालता था। इसे लेकर उनके बीच विवाद होता था। लड़की ने कई बार इसकी जानकारी अपनी मां को दी थी।

7 अक्टूबर की देर शाम हुई थी घटना

यह घटना 7 अक्टूबर की देर शाम लगभग साढ़े आठ बजे कोरबा के पावर हाउस रोड पर नहर चौक के पास हुई थी। जिस समय घटना हुई थी उस समय चौक पर आवागमन का दबाव सामान्य दिनों की तरह था। लोग आना-जाना कर रहे थे। यहां ट्रैफिक पुलिस भी तैनात थी। इसी बीच रात लगभग 8.30 बजे लोगों ने एक लड़की को नहर में छलांग लगाते हुए देखा।
उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। बिना देरी किए मौके पर खड़े ट्रैफिक पुलिस के लिए काम करने वाले होमगार्ड के जवान कृष्णानंद राय सागर ने छलांग लगा दी थी। एक बिजली मिस्त्री ने भी छलांग लगाई थी। दोनों के आंखों के सामने ही लड़की नहर की तेज धारा में बह गई थी।
यह भी पढ़ें

CG Suicide Case: बिलासपुर के बुजुर्ग ने मथुरा में लगाई फांसी, शर्ट में लगे स्टीकर के आधार पर हुई पहचान

शव मिलने के बाद परिवार ने दी सूचना

इधर घटना के बाद से लड़की लापता थी लेकिन इस संबंध में उसके परिवार की ओर से कोई सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। गुरुवार को सक्ती से होकर नहर में एक लाश के गुजरने की खबर कोरबा पहुंची तब एक महिला सक्रिय हुई। इस बीच लाश खरसिया पहुंच गई।
महिला ने खरसिया पहुंचकर शव की पहचान अपनी नाबालिग बेटी से की और कोरबा लौटने के बाद मानिकपुर चौकी में शुक्रवार सुबह 5 से 6 बजे के बीच उसने गुमशुदगी की सूचना दी। पुलिस को खरसिया में मिले लाश के बारे में भी बताया। तब पुलिस ने यह कहते हुए महिला को खरसिया भेजा कि खरसिया पुलिस मर्ग की जांच कर रही है।

Hindi News / Korba / CG Suicide News: नहर में छलांग लगाने वाली नाबालिग लड़की की मिली लाश, मां ने की पहचान, जाने क्या है पूरा मामला…

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.