कोरबा

CG News: माता-पिता तीर्थ यात्रा पर, बेटा दोस्तों के साथ परसाखोल गया, डूबने से हो गई मौत

CG News: कोरबा जिले में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक लड़के की परसाखोला के जलप्रपात में डूबने से मौत हो गई। लड़के ने एक अन्य दोस्त के साथ जलप्रपात में छलांग लगाई थी।

कोरबाOct 09, 2024 / 03:16 pm

Shradha Jaiswal

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए एक लड़के की परसाखोला के जलप्रपात में डूबने से मौत हो गई। लड़के ने एक अन्य दोस्त के साथ जलप्रपात में छलांग लगाई थी। बताया जाता है कि दीपका के प्रगति नगर कालोनी में रहने वाला अनुराग द्विवेदी उर्फ लक्की मंगलवार सुबह अपने तीन अन्य दोस्त सक्षम तिवारी, प्रियम शुक्ला और प्रज्ञान के साथ पिकनिक मनाने के लिए घर से निकला था।

CG News: युवक की हुई थी डूबने से मौत

CG News: चारों लड़के दीपका-कोरबा के रास्ते बालकोनगर होकर परसाखोला चले गए। एक लड़का पानी में डूब गया। तीन अन्य दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन बचा नहीं सके। थोड़ी देर में अनुराग उर्फ लक्की की डूबने से मौत हो गई। अन्य लड़कों ने मामले की जानकारी आसपास के लोगों को दिया। पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। बताया जाता है कि परसाखोला में जलप्रपात को देखकर लड़कों की इच्छा स्नान करने की हुई। इसी दौरान यह हादसा हुआ। लक्की गेवरा के डीएवी स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था।
यह भी पढ़ें

CG Lightning Death: आकाशीय बिजली ने बरपाया कहर, पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत

CG News: घटना के समय उसके माता-पिता नहीं थे। लक्की पिता संतोष गेवरा के प्रगति नगर के आवासीय कालोनी में रहते हैं और एसईसीएल की कोयला खदान में ड्यूटी करते हैं। संतोष पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर राजस्थान गए हुए हैं। लड़का लक्की घर में अकेला था। माता-पिता के बुधवार तक दीपका पहुंचने की संभावना है। बताया जाता है कि लक्की माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी एक बहन है। लक्की की मौत से परिवार में मातम पसरा है। दशहरा से पहले हुई इस घटना ने परिवार को झकझोर दिया है।

एक लड़के को बचाया गया, दूसरे की लाश पांच घंटे बाद बरामद हुई, परिवार में कोहराम

प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बालकोनगर पुलिस ने बताया कि चार युवक स्कूटी और दोपहिया वाहन पर सवार होकर सुबह लगभग 8.30 बजे परसाखोला पहुंचे थे। झरना से गिर रहे पानी को देखकर उनके अंदर उत्साह आया। उनकी इच्छा झरने के पानी में स्नान करने की हुई। लक्की और प्रियम शुक्ला ने पानी में छलांग लगा दी। दोनों को गहराई का अंदाजा नहीं था। छलांग लगाते ही लक्की के चेहरे पर गंभीर चोटें लगी और वह पानी से दोबारा उठ नहीं पाया, जबकि प्रियम पानी में डूबने लगा।
वहां मौजूद प्रियम के साथियों में हड़कंप मच गया। जान बचाने के लिए दोनों जोर-जोर से चिल्लाने लगे। यहां मौजूद कुछ लोगों ने दोनों लड़कों के साथ मिलकर प्रियम को बाहर निकाल लिया। लेकिन इसमें थोड़ा वक्त लगा, तब तक प्रियम के पेट में पानी भर गया था। उसे बाहर निकालकर पेट को दबाया गया, कुछ पानी बाहर निकला तब उसे अस्पताल रेफर किया गया। प्रियम को अपोलो अस्पताल ले जाया गया है जहां उसकी स्थिति स्थिर व खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एक दिन पहले देवपहरी में हुआ था हादसा

एक ही दिन पहले सोमवार को पिकनिक स्पॉट देवपहरी में भी एक हादसा हुआ था। इसमें एक युवक की जान चली गई थी। 24 घंटे के भीतर हुई दूसरी घटना ने पिकनिक स्पॉट पर मौजूद सुरक्षा की पोल खुल गई है। वर्षा ऋतु विदा हो रही है लेकिन जलप्रपात से पानी अभी भी तेजी से गिर रहा है। वन विभाग की ओर से जल प्रपात स्थल या जिले में मौजूद अन्य पिकनिक स्पॉट तक जाने की मनाही है लेकिन इससे संबंधित सूचना जलप्रपात के आसपास नहीं लगाई गई है।
यहां पिकनिक मनाने जाने वाले लोगों को जलप्रपात की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं होती। कई बार लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। सोमवार को ही लेमरू थाना क्षेत्र में स्थित देवपहरी के गोविंदझुंझ जलप्रपात में डूबने से एक लड़के की मौत हो गई थी। उसकी पहचान तारिक अनवर से की गई थी। तारिक भी अपने दोस्तोें के साथ पिकनिक मनाने के लिए गोविंदझुंझ जलप्रपात गया हुआ था।

संबंधित विषय:

Hindi News / Korba / CG News: माता-पिता तीर्थ यात्रा पर, बेटा दोस्तों के साथ परसाखोल गया, डूबने से हो गई मौत

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.