scriptKishangarh – भारत अब बदल गया है, भारतीय होना गौरव की बात | India has changed now, it is a matter of pride to be an Indian | Patrika News
किशनगढ़

Kishangarh – भारत अब बदल गया है, भारतीय होना गौरव की बात

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन सभागार में किया सम्बोधित

किशनगढ़Sep 15, 2023 / 01:37 pm

kali charan

Kishangarh - भारत अब बदल गया है, भारतीय होना गौरव की बात

Kishangarh – भारत अब बदल गया है, भारतीय होना गौरव की बात

मदनगंज-किशनगढ़.

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि अपना भारत अब बदल गया है। भारतीय होना हमारे लिए बहुत बड़ी उपलिब्ध और गौरव की बात है। भारत दुनिया के विकसित देशों को पछाड़ कर पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। यह खुशी की बात है कि भारत ने इंग्लैंड को पछाड़ कर यह कामयाबी हासिल की। उप राष्ट्रपति धनखड़ ने यह बात देर शाम किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन सभागार में मार्बल उद्यमियों को सम्बोधित करते हुए गुरुवार को कही। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति को देख कर पूरी दुनिया आश्चर्यचकित है। अभी हाल में भारत ने जी 20 सम्मेलन की मेजबानी की, इससे देश का कोई भी कोना अछूता नहीं रहा। हर क्षेत्र में कार्यक्रम हुए, हर यूनिटी ने इसमें भाग लिया। राजस्थान में भी कार्यक्रम हुए जिसमें राज्य और केंद्र में समन्वय रहा। इसमें देश विदेश के बड़े नेताओं से मेरा भी मिलना हुआ। वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष ने कहा कि भारत ने छह सालों में जितना डिजिटलाइजेशन किया वह 50 सालों मेें भी नहीं हो सकता। यह मात्र बयान नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत का ट्रांजेक्शन डाटा चायना और यूएसए से भी बेहतर है। भारत का डायरेक्ट ट्रांजेक्शन ऑफ मनी यूके, चायना, जापान, फ्रांस, जर्मनी इत्यादि पांच बड़े देशों से अधिक है।उप राष्ट्रपति धनखड़ ने अप्रत्यक्ष रूप से विपक्ष पर भी सवाल उठाए और कहा कि पता नहीं अपने यहां कुछ लोगों का हाजमा इतना खराब क्यों है कि भारत में कुछ भी उपलिब्ध हासिल हो उनका हाजमा खराब हो जाता है। वो भारत का अपमान करते हैं, हम उसे कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं। यह सबके लिए सोचने का विषय है। उन्होंने कहा कि राजनीति का अपना अलग स्थान है। राजनीति करें लेकिन देशहित रखना जरुरी है। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति के अनुरूप प्रधानमंत्री ने सभी राष्ट्र अध्यक्षों को विदा किया, उसके बाद राष्ट्रपति व उप राष्ट्रपति को विदा किया और उसके बाद वह खुद गए। लेकिन इसमें भी लोगों ने सवाल उठाए कि प्रधानमंत्री जी-20 का क्रेडिट लेने में लगे हुए हैं।
आर.के. मार्बल ग्रुप के चेयरमैन अशोक पाटनी ने भी विचार व्यक्त करते हुए उप राष्ट्रपति दम्पती का अभिवादन किया। चेयरमैन पाटनी ने कहा कि जो पौधा आपके समय में यहां लगा, वह आज वट वृक्ष बन गया है। उन्होंने डम्पिंग यार्ड की भी सराहना की और इसे एक पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जाने की बात कही। उप राष्ट्रपति धनखड़ ने एसोसिएशन कार्यालय परिसर में पौध रोपण भी किया। समारोह में उप राष्ट्रपति दम्पती, चेयरमैन अशोक पाटनी के साथ सांसद भागीरथ चौधरी भी मंचासीन रहे। अंत में चेयरमैन पाटनी ने उप राष्ट्रपति को स्मृति चिन्ह देकर आभार जताया।
यह प्रजातांत्रिक व्यवस्था नहीं

उपराष्ट्रपति ने वन नेशन वन इलेक्शन पर कहा कि हो सकता है यह इम्पलीमेंट हो पाए, अनेक लोगों के अपने विचार हैं और यह स्वभाविक है। इस मुद्दे पर लोगों के अलग-अलग विचार होंगे और प्रत्येक राजनीतिक दल अपना अलग-अलग मत रखेंगे। लेकिन यह कहना कि चर्चा नहीं करेंगे यह प्रजातांत्रिक व्यवस्था नहीं है। आप का क्या विचार है, क्या विवेक है, उसे रखना होगा।
मुझे राजनीति की पाठशाला किशनगढ़ ने सिखाई

उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि मुझे राजनीति की पाठशाला किशनगढ़ ने सिखाई। इसके लिए मैं किशनगढ़ का ऋणी हूं। यहां चुनाव लडऩे के बाद में जगजीत सिंह के घर गया। उनकी पत्नी ने कहा कि अब आप तो विरोधी पार्टी के विधायक बन गए। मैंने कहा नहीं, आपका भाई विधायक बना है। जब मैं दिल्ली में था जो उस वक्त कैलाश मेघवाल जो कि खान मंत्री थे उनका फोन आया कि तेरे इलाके को लेकर तेरी पार्टी के लोग सदन में प्रश्न उठा रहे हैं। इस पर मेरे मन में पीड़ा हुई। इस हवन में हाथ जले यह तो ठीक है, लेकिन शरीर जले यह ठीक नहीं। उन्होंने तत्काल फैक्स किया और लिखा कि जो कुछ राजसमंद में हो रहा है उसकी अनुशंसा मैंने की थी क्योंकि किशनगढ़ का प्यार उन्हें मिला था।
मैं जहां खड़ा होता हूं, लाइन वहां से शुरू होती है

उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि जब मैं उप राष्ट्रपति बना और मुख्यमंत्री ने मेरे लिए भोज का आयोजन किया तो मुझे अशोक पाटनी मिले। इन्हें देख कर मुझे अमिताभ बच्चन की फिल्म का वह डायलॉग याद आया कि मैं जहां खड़ा होता हूं, लाइन वहीं से चालू होती है। अपने सम्बोधन में उप राष्ट्रपति धनखड़ ने जिला कलक्टर भारती दीक्षित एवं अजमेर एसपी चूनाराम जाट की भी सराहना की।गर्म जोशी से किया अभिनंदन
सुरसुरा धाम के दर्शन एवं निम्बार्क तीर्थ में श्रीजी महाराज से आशीर्वाद लेने के बाद उप राष्ट्रपति धनखड़ सपत्नीक किशनगढ़ तकरीबन शाम 5.50 बजे पहुंचे। यहां आर.के. मार्बल ग्रुप के चेयरमैन अशोक पाटनी, सांसद भागीरथ चौधरी, विधायक सुरेश टाक, किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर जैन एवं अन्य उद्यमियों ने उप राष्ट्रपति एवं उनकी पत्नी का फूलों के गुलदस्ते देकर एवं माला पहना कर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उप राष्ट्रपति सत्नीक आर.के. मार्बल फैक्ट्री भी पहुंचे और यहां नाश्ता किया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे और यहां से विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

Hindi News/ Kishangarh / Kishangarh – भारत अब बदल गया है, भारतीय होना गौरव की बात

ट्रेंडिंग वीडियो