16 जनवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नंदी पर सवार होकर निकलेंगे महादेव, झूमेंगे शिवगण

महादेव की बरात में सांस्कृतिक, धार्मिक प्रस्तुति देंगे कलाकार

2 min read
Google source verification
Mahadevgarh news khandwa

Mahadevgarh news khandwa

खंडवा. आदि अनादि देव महादेव के विवाह का प्रसंग महाशिवरात्रि के रूप में गुरुवार को मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर शहर के प्राचीन शिव मंदिरों सहित सभी शिवालयों में सुबह से ओम नम: शिवाय की धून गूंजेंगी। शहर का सबसे बड़ा आयोजन प्राचीन महादेवगढ़ मंदिर में महादेव की बरात के रूप में मनाया जाएगा। शिव बरात में भगवान शिव नंदी पर सवार होकर निकलेंगे। आगरा से आए कलाकार धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। साउंड सिस्टम की धून पर शिवगण झूमते हुए निकलेंगे।
प्राचीन महादेवगढ़ में होने वाले आयोजन को लेकर जहां भक्तों द्वारा तैयारी की जा रही है। वहीं, पुलिस और प्रशासन भी पूरी चौकसी बरत रहा है। महादेव की बरात का आयोजन दोपहर 3.45 बजे दादाजी मंदिर से आरंभ होगा। महादेवगढ़ संरक्षक अशोक पालीवाल ने बताया कि महादेव की बरात दादाजी धाम से आरंभ होकर गोशाला चौराहा, अंजनी टॉकीज, जलेबी चौक, महादेव गढ़ पहुंचेगी। बरात में आगे बैंड रहेंगे और मातृशक्ति नेतृत्व करेंगीं। पीछे 20 फीट ऊंची नंदी की प्रतिमा पर भगवान शिव सवार रहेंगे। यात्रा संयोजक साकेत दीक्षित, अमित जैन ने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों से शिव भक्तों की टोलियां शिव बरात में शामिल होगी। शिवगण रूप में भक्त बरात में शामिल होंगे। जगह-जगह बरात का स्वागत किया जाएगा। समापन पर महाआरती के बाद खिचड़ी प्रसादी वितरण महादेवगढ़ प्रांगण में होगा।
तीन थानों का फोर्स रहेगा सुरक्षा में
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। बुधवार से ही संवेदनशील क्षेत्रों में बल तैनात कर दिया गया है। सीएसपी ललित गठरे ने बताया कि गुरुवार को तीन थानों का बल और एक रिजर्व पार्टी तैनात रहेगी। महादेवगढ़ के आयोजन में निकलने वाली शिव बरात में ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी कैमरा और व्योम वाहन के कैमरों से नजर रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था के लिए पुरानी अनाज मंडी भवानी माता से गोशाला चौराहे तक दोपहिया, चार पहिया वाहन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। जलेबी चौक से निकलने वाले भारी वाहनों को बरात के दौरान एकांकी मार्ग, मानसिंग से कहारवाड़ी की ओर गुजारा जाएगा। इतवारा बाजार से ट्रकों एवं अन्य चार पहिया वाहनो को संपूर्णत: हटा कर नो पार्किंग जोन बनाया जाएगा।
श्री मनोकामनेश्वर महादेव जी की हुई हल्दी रस्म
किशोर नगर स्थित मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर में किशोर नगर रहवासी संघ के तत्वावधान में महाशिवरात्रि महापर्व पर का मुख्य आयोजन गुरुवार को किया जाएगा। बुधवार को रिद्धि-सिद्धि महिला मंडल की महिलाओं द्वारा श्री मनोकामनेश्वर महादेव जी की हल्दी रस्म की गई। यहां शिवलिंग को हल्दी चंदन एवं गुलाल लगाया गया। गुरुवार को महादेव का रुद्राभिषेक, पंचामृत स्नान, हवन यज्ञ के बाद आरती एवं प्रसादी का वितरण किया जाएगा।