अति-संवेदनशील सूरसागर में दो गुटों के बीच उपद्रव के मामले में चार महीने से फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर दूसरे ही दिन जेल भिजवा दिया। पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह और पुलिस उपायुक्त पश्चिम राजर्षि राज वर्मा ने जांच कर रहे राजीव गांधी नगर थानाधिकारी देवीचंद ढाका के प्रति नाराजगी जताई तो आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर शनिवार को फिर गिरफ्तार किया गया।
दरअसल, दो गुटों के बीच उपद्रव के संबंध में सूरसागर थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई थी। जांच राजीव गांधी नगर थानाधिकारी देवीचंद ढाका को सौंपी गई थी। सूरसागर निवासी मोहम्मद आरिफ मुख्य आरोपी है, जो उपद्रव के बाद से फरार था। गत 16 अक्टूबर को आरोपी मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार किया गया था। उसे दूसरे ही दिन न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया था। पुलिस कमिश्नर से लेकर डीसीपी व एडीसीपी तक को सूचित नहीं किया गया। इससे अधिकारी नाराज हो गए। पुलिस कमिश्नर राजेन्द्रसिंह व डीसीपी पश्चिम राजर्षि राज वर्मा ने बगैर रिमाण्ड लिए जेल भिजवाने पर थानाधिकारी से नाराजगी जताई। कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट लेकर आरोपी मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। थानाधिकारी देवीचंद ढाका ने बताया कि मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। कुछ बिंदुओं पर पूछताछ करने के लिए उसे दुबारा गिरफ्तार किया गया।