जोधपुर

SPA Centre व हुक्का बार में पुलिस की रेड, अनैतिक गतिवि धि पकड़ी

– स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार पकड़ा, मालिक व महिला गिरफ्तार

जोधपुरSep 15, 2024 / 11:38 pm

Vikas Choudhary

पुलिस स्टेशन शास्त्रीनगर

जोधपुर.
सख्त रवैए के छह-सात महीने बाद एक बार फिर शहर में हुक्का बार और स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के दौरे और मेले व त्योहारों में पुलिस की व्यस्तता का फायदा उठाकर कई जगह रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बारों में नशे का धुआं उठने लगा है। ऐसे में पुलिस ने एक बार फिर सघन जांच और कार्रवाई शुरू की। प्रतापनगर में दो जगह हुक्का बार और शास्त्रीनगर थानान्तर्गत कल्पतरू शॉपिंग सेंटर में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार पकड़ा गया है।

नाबालिग उड़ा रहे नशे का धुआं

हुक्का बार में कैमिकल युक्त फ्लेवर का नशा करवाया जाता हैं। वहीं, अवैध गांजा सप्लाई करके भी युवाओं व नाबालिगों को नशे की दलदल में धकेला जा रहा है। एनसीबी की गिरफ्त में आए गिरोह ने जोधपुर के हुक्का बारों में बहुतायत में गांजा सप्लाई की जानकारी सामने आई थी। गिरोह सरगना सहित चार जनेंपकड़े जा चुके हैं।

स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि कल्पतरू शॉपिंग सेंटर में क्रिस्टर थाई स्पा सेंटर है, जहां स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधि और देह व्यापार की सूचना मिली। फर्जी ग्राहक बनाकर भेजा गया तो शिकायत की पुष्टि हुई। तत्पश्चात पुलिस ने शनिवार रात स्पा सेंटर में दबिश दी, जहां एक युवती से देह व्यापार करवाया जा रहा था। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने पीटस एक्ट में मामला दर्ज कर हरियाणा के भिवाड़ी निवासी मालिक नवीन कुमार पुत्र सतीश कुमार जाट और दिल्ली की एक महिला को गिरफ्तार किया गया।

नाम कैफे का…अंदर हुक्का बार

सहायक पुलिस आयुक्त प्रतापनगर अंशु जैन के निर्देशन में प्रतापनगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हार्ट लैण्ड कैफे में दबिश दी, जहां हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। हुक्का पीने में प्रयुक्त सामग्री पकड़ी गई और पांच व्यक्तियों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसी तरह, कायलाना रोड पर होटल की तीसरी मंजिल पर हुक्का बार में दबिश देकर 11 जनों को पकड़ा गया। 10 चीलम, पाइप, हुक्का और फ्लेवर जब्त कर ग्यारह जनों को गिरफ्तार किया गया। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने सेक्टर-7 में कोड ब्लैक कैफे में हुक्का बार संचालित होने की शिकायत पर दबिश दी गई, जहां से तम्बाकू युक्त हुक्का पिलाया जा रहा था। हुक्का व अन्य सामग्री जब्त कर मुकेश राव के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई।

महिला की रात में गिरफ्तारी पर कोर्ट ने जताई नाराजगी

देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार महिला व नवीन को शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। मजिस्ट्रेट के अंधेरा होने के बाद अनुमति के बगैर महिला की गिरफ्तारी पर कड़ी नाराजगी जताई। नियमों के तहत सूर्यास्त के बाद संबंधित मजिस्ट्रेट की अनुमति के बाद ही महिला को गिरफ्तार करना होता है, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। ऐसे में अदालत ने महिला को जमानत मुचलके पर छोड़ने के आदेश दिए। मालिक को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

Hindi News / Jodhpur / SPA Centre व हुक्का बार में पुलिस की रेड, अनैतिक गतिवि धि पकड़ी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.