मारपीट के एक मामले में पांच हजार रुपए रिश्वत मांगने और साथी कांस्टेबल को दिलाने के बाद भूमिगत होने वाले पुलिस स्टेशन लूनी के हेड कांस्टेबल को निलम्बित कर दिया गया है। कांस्टेबल मुन्नाराम को पहले ही निलम्बित कर दिया गया था। पुलिस उपायुक्त पश्चिम राजर्षि राज वर्मा ने हेड कांस्टेबल शंभुसिंह को निलम्बित करने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि जसवंत मिन्डल की शिकायत पर एसीबी ने गत 22 सितम्बर को पुलिस स्टेशन लूनी के कांस्टेबल मुन्नाराम को पांच हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उसने हेड कांस्टेबल शंभुसिंह के लिए रिश्वत ली थी। वह 21 सितम्बर को ही छुट्टी लेकर थाने से निकल गया था। परिवादी दूसरे दिन रिश्वत देने थाने पहुंचा तो हेड कांस्टेबल शंभुसिंह नहीं मिला था। मोबाइल पर बात करने के बाद हेड कांस्टेबल के कहने पर कांस्टेबल मुन्नाराम को रिश्वत दी गई थी। तब से हेड कांस्टेबल गायब हो गया था। तब से वह ड्यूटी से अनुपस्थित है।