जशपुर नगर

पुलिस की बोलेरो से बाइक की हुई टक्कर में एक की मौत दूसरा गंभीर

दसा: कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम टांगरपानी में एनएच ४३ में हुई घटना

जशपुर नगरAug 26, 2023 / 12:21 am

SUNIL PRASAD

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल भेजते पुलिस अधिकारी।

कुनकुरी. गुरूवार देर शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर कुनकुरी से लगभग 5 किलोमीटर दूर ग्राम टांगरपानी के पास पत्थलगांव थाने से दुष्कम के आरोपी को लेकर जशपुर जिला मुख्यालय जा रही पत्थलगांव थाने की बोलेरो की तेज रफ्तार बाईक से भीषण टक्कर हो गई, इस दुर्घटना में बाईक सवार दो युवकों में से एक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को उपचार हेतु कुनकुरी अस्पताल एम्बुलेंस से भेजी एवं मृतक के शव को मर्चुरी में रखा गया है।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए, थाना प्रभारी कुनकुरी सुनील सिंह ने बताया कि विकास तिर्की एवं अर्जुन तिर्की निवासी ग्राम केसरा, कमलेश्वरपुर सरगुजा के रहने वाले है। ग्राम पंचायत कुंजारा के ग्राम साजापानी में क्रेडा विभाग द्वारा कराए जा रहे नल जल योजना के काम में कार्यरत थे, दोनो युवक बाईक क्रमांक सीजी 13 एव्ही 9623 से ग्राम कुंजारा से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम टांगरपानी के पास में सामने से आ रही बोलेरो सीजी 03 9716 से उनकी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनो घायलों को अस्पताल उपचार हेतु लाया गया जहां डॉक्टर ने विकास तिर्की को मृत घोषित कर दिया तथा अर्जुन तिर्की को गंभीर रूप से घायल होने के कारण सघन उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना परिजनों को दी गई है।
आरोपी को लेकर जा रही थी पुलिस की बोलेरो- पत्थलगांव थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में युवती के साथ दुष्कर्म व उसके मां के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को पत्थलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दरअसल पत्थलगांव थाना क्षेत्र के खरढोढ़ी ग़ांव निवासी एक युवती में आरोपित युवक बात करता था, युवती की बात करना उसकी मां को नामंजूर था। आरोपी से बात करने पर मना करने पर आरोपित युवक ने एक दोस्त के साथ महिला के घर में घुसकर युवती के मां के साथ गाली गलौच व मारपीट कर घायल कर दिया। इधर घायल महिला को सिविल अस्पताल पत्थलगांव में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। मां के साथ मारपीट करने पर युवती ने युवक के खिलाफ 376 का मामला दर्ज करा दिया। पीडि़ता महिला के देवर ने भी आरोपीत युवक के खिलाफ थाने में अपराध धारा 376, 294, 232, 34, 457, 506 के तहत मामला दर्ज कराया था। महिला से मारपीट व युवती से दुष्कर्म करने पर मामला दर्ज कर पत्थलगांव पुलिस ने आरोपीत की पतासाजी में जुट गई। घटना के बाद से आरोपित युवक फरार चल रहा था। पुलिस जांच पड़ताल के दौरान खरढोढ़ी निवासी अनुज सारथी पिता विदेश सारथी उम्र 21 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर उससे कड़ाई से पूछताछ किया गया, जिसपर आरोपित युवक ने जुर्म स्वीकार किया है। आरोपित युवक अनुज सारथी को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर जेल निरुद्ध किया है, इस मामले एक अन्य आरोपी फरार चल रहा है। गुरूवार देर शाम इसी आरोपित को लेकर पत्थलगांव पुलिस बोलेरो वाहन से जशपुर जा रही थी जो कुनकुरी के समीप हादसे का शिकार हो गई।

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल भेजते पुलिस अधिकारी।

Hindi News / Jashpur Nagar / पुलिस की बोलेरो से बाइक की हुई टक्कर में एक की मौत दूसरा गंभीर

Copyright © 2025 Patrika Group. All Rights Reserved.