जालोर

तीनों निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के खेमे में, पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय

सांचौर पालिका चुनाव में निर्दलीय के रूप में जीते तीनों पार्षद कांग्रेसी खेमे में चले गए हैं। जिससे भाजपा के पास कोई विकल्प नहीं रह गया है। इसको लेकर कांग्रेस की ओर से मंगलवार को पालिका अध्यक्ष के लिए नरेश सेठ ने नामांकन प्रस्तुत किया। वहीं भाजपा की ओर से पीरचंद भंसाली ने नामांकन प्रस्तुत किया।

जालोरFeb 03, 2021 / 08:57 am

Dharmendra Kumar Ramawat

तीनों निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के खेमे में, पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय

सांचौर. बाड़ेबंदी के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री के साथ पार्षद।

सांचौर. नगर पालिका चुनाव को लेकर पालिकाध्यक्ष के नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हो गई। इसके साथ ही पालिकाध्यक्ष बनने को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। नगरपालिका की 35 सीटों में से 16-16 सीट जीतकर बराबरी पर आई दोनों पार्टियों के लिए बोर्ड बनाने को लेकर साख दांव पर लगी थी। एक तरफ प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता होने की वजह से स्थानीय विधायक व पर्यावरण मंत्री सुखराम बिश्नोई के लिए पालिका का बोर्ड बचाना एक चुनौती हो गया था। वहीं दूसरी ओर भाजपा पालिका बोर्ड पर अपना कब्जा बनाए रखने के लिए हर प्रकार से जोड़-तोड़ करने में जुटी हुई है। अब पालिका का बोर्ड बनाने का नजारा बदला बदला नजर आ रहा है। पालिका चुनाव में निर्दलीय के रूप में जीते तीनों पार्षद कांग्रेसी खेमे में चले गए हैं। जिससे भाजपा के पास कोई विकल्प नहीं रह गया है। इसको लेकर कांग्रेस की ओर से मंगलवार को पालिका अध्यक्ष के लिए नरेश सेठ ने नामांकन प्रस्तुत किया। वहीं भाजपा की ओर से पीरचंद भंसाली ने नामांकन प्रस्तुत किया।
निर्दलीयों के आने से खिली कांग्रेस की बांछें
पालिका चुनाव में दोनों प्रमुख दलों की बराबरी के बाद बोर्ड बनाने को लेकर चल रही लोर तोड़ के आपाधापी में कांग्रेस ने सफलता हासिल कर ली है और तीनों निर्दलीय प्रत्याशियों को अपने खेमे में शामिल कर लिया है। जिसके बाद कांग्रेसियों की बांछें खिली हुई है। सफल रणनीति के तहत निर्दलीयों को अपने पाले में लाने को लेकर वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम बिश्नोई की तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं। अब पालिका बोर्ड में कांग्रेस के पास 16 के मुकाबले 19 सदस्य हो गए हैं। ऐसे में कांग्रेस का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।
बिश्नोई की पार्टी में बनी पेठ, बढ़ा कद
वन एवं पर्यावरण मंत्री बिश्नोई के कुशल प्रबंधन की बदौलत विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संख्या बल अपने पक्ष में करने के बाद पार्टी स्तर पर उनकी छवि मजबूत हुई है। वहीं हाईकमान की नजरों में उनका कद भी बढ़ा है। विश्नोई ने भाजपा के एक बागी व कांग्रेस के दो बागी पार्षदों को अपने ग्रुप में शामिल कर कुशल राजनीति का परिचय दिया है।
भाजपा की कमान 5 के पास, कांग्रेस अकेले मंत्री के भरोसे
नगर पालिका चुनाव में प्रचार कैंपेन के तौर पर भाजपा की कमान विशेष रणनीति के तहत 5-5 नेताओं ने संभाल रखी थी। इनमें सांसद देवजी पटेल, पूर्व विधायक जीवाराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवणसिंह राव, विधानसभा प्रत्याशी दानाराम चौधरी और भाजपा नेता मिलापचंद मेहता शामिल थे। वहीं कांग्रेस में अकेले वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम बिश्नोई पालिका चुनाव को लेकर रणनीति के तहत वार्ड कैंपेन करते रहे। इसके बावजूद भाजपा अपना बोर्ड नहीं बचा पाई।
कांग्रेस व भाजपा से इन्होंने भरा नामांकन
नगरपालिका सांचौर के अध्यक्ष पद (सामान्य) के लिए पीरचंद भंसाली ने भारतीय जनता पार्टी से 2 सेट व नरेश ने इंडियन नेशनल कांग्रेस से 1 सेट प्रस्तुत किया। रिटर्निंग ऑफिसर एसडीएम भूपेंद्रकुमार यादव ने बताया कि बुधवार को नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी। 4 फरवरी को दोपहर 3 बजे तक नामवापसी व इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। आवश्यकता होने पर 7 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगरपालिका हॉल सांचौर में मतदान होगा। उसके तुरन्त बाद मतगणना होगी। वहीं 8 फरवरी को उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
बाड़ेबंदी में स्वीमिंग का लुत्फ
कांग्रेसी पार्षद बाड़े बंदी के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम बिश्नोई के साथ चर्चा करते नजर आए। वहीं कई पार्षद स्वीमिंग पूल का आनंद लेते दिखाई दिए। जिनके फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
निर्दलीय पार्षदों का जारी किया फोटो
कांग्रेस ने बाड़ेबंदी के दौरान कांग्रेस के पाले में शामिल हुए तीनों निर्दलीयों के अलग-अलग फोटो जारी कर यह संदेश जारी किया है कि उनके साथ अब बहुमत है और कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है। ऐसे में अब भाजपा खेमे में मायूसी छाई हुई है। संख्या बल के अभाव भाजपा नेता अलग रणनीति के तहत जुटे हुए हैं, लेकिन कांग्रेस की किलेबन्दी में परिंदा भी पर नहीं मार सके इसके लिए पूरे कैम्पेन की बागडोर वनमंत्री बिश्नोई ने हाथों में ले रखी है।

Hindi News / Jalore / तीनों निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के खेमे में, पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय

Copyright © 2025 Patrika Group. All Rights Reserved.