जैसलमेर

जलापूर्ति बंद, ग्रामीणों ने जताया रोष

जलापूर्ति बंद, ग्रामीणों ने जताया रोष

जैसलमेरAug 14, 2021 / 09:24 pm

Deepak Vyas

जलापूर्ति बंद, ग्रामीणों ने जताया रोष

पोकरण. क्षेत्र के फलसूण्ड स्थित प्रभुपुरा गांव में गत लम्बे समय से जलापूर्ति बंद होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। जिम्मेदारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर शुक्रवार को भाजपा नेताओं व ग्रामीणों ने यहां रोष जताया तथा जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की। भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महंत प्रतापपुरी महाराज, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार सहित ग्रामीणों ने बताया कि प्रभुपुरा में गत लम्बे समय से जलापूर्ति बंद पड़ी है। जिसके कारण ग्रामीणों को ट्रैक्टर टंकियों से पानी खरीदकर मंगवाना पड़ रहा है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। पशुकुंड में भी जलापूर्ति बंद होने के कारण मवेशी पानी के लिए जंगलों में भटक रहे है तथा काल का ग्रास हो रहे है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को जीएलआर के आगे खड़े होकर रोष जताया तथा जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की। भाजपा नेता महंत प्रतापपुरी महाराज व जिलाध्यक्ष खीमाराम सुथार ने बताया कि इस संबंध में जलदाय विभाग के सहायक अभियंता से दूरभाष पर वार्ता की गई तथा समस्या के समाधान की मांग की गई। उन्होंने बताया कि यदि एक सप्ताह में प्रभुपुरा में जलापूर्ति सुचारु नहीं होती है, तो यहां उग्र आंदोलन किया जाएगा तथा उपखंड अधिकारी का घेराव भी किया जाएगा। जिस पर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता ने जलापूर्ति सुचारु करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर भंवर सारण, मंडल अध्यक्ष महेश कड़वासरा, मंडल महामंत्री आनंद बागथल, बागाराम, रतनाराम, देवाराम, आदुराम, राजूराम, बुलाराम, मगाराम, मनोहर सुथार, चिराग सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

Hindi News / Jaisalmer / जलापूर्ति बंद, ग्रामीणों ने जताया रोष

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.