जैसलमेर

चमकती धूप ने उड़ाए होश, दोपहर में छाई वीरानी

स्वर्णनगरी जैसलमेर में गर्मी के तेवर एक बार फिर सख्त होते नजर आ रहे हैं। श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद नवरात्रा शुरू होने के दूसरे रोज भी चिलचिलाती धूप से शहरवासियों को निजात नहीं मिल सकी और गर्मी से जनजीवन प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित हो रहा है।

जैसलमेरOct 03, 2024 / 07:52 pm

Deepak Vyas

स्वर्णनगरी जैसलमेर में गर्मी के तेवर एक बार फिर सख्त होते नजर आ रहे हैं। श्राद्ध पक्ष समाप्त होने के बाद नवरात्रा शुरू होने के दूसरे रोज भी चिलचिलाती धूप से शहरवासियों को निजात नहीं मिल सकी और गर्मी से जनजीवन प्रत्यक्ष तौर पर प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय धूप की तल्खी के कारण बाजार और दर्शनीय स्थल लगभग वीरान नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया जबकि न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री था। एक दिन पहले बुधवार को यह क्रमश: 39.8 और 25.2 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास बना होने से सूर्योदय से सूर्यास्त से पहले तक लोगों को परेशानियां पेश आ रही है। हालांकि शाम से गर्मी के तेवरों में कमी आने और रात में शीतलता होने से शहरवासियों को थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह से बना रहने वाला है। गौरतलब है कि मानसून औपचारिक रूप से पश्चिमी राजस्थान से कई दिनों पहले विदा ले चुका है। अब सभी लोगों का यही मानना है कि जारी नवरात्रा पक्ष में या उसके बाद से सूरज की किरणों की तल्खी कम होगी।

Hindi News / Jaisalmer / चमकती धूप ने उड़ाए होश, दोपहर में छाई वीरानी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.