17 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Desert Festival 2024 :- जग विख्यात मरु महोत्सव का आगाज आज, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

Desert Festival 2024 : परमाणु नगरी पोकरण में बुधवार को एक दिवसीय मरु महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसको लेकर प्रशासन, पर्यटन विभाग, नगरपालिका व अन्य विभागों की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2008 व 2009 में पोकरण में मरु महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसके बाद 2020 में फिर मरु महोत्सव आयोजित किया गया था। कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण वर्ष 2021 आयोजन नहीं हो सका था।

3 min read
Google source verification
Desert Festival 2024 :- जग विख्यात मरु महोत्सव का आगाज आज, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

Desert Festival 2024 :- जग विख्यात मरु महोत्सव का आगाज आज, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

Desert Festival 2024 : परमाणु नगरी पोकरण में बुधवार को एक दिवसीय मरु महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। जिसको लेकर प्रशासन, पर्यटन विभाग, नगरपालिका व अन्य विभागों की ओर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2008 व 2009 में पोकरण में मरु महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसके बाद 2020 में फिर मरु महोत्सव आयोजित किया गया था। कोरोना संक्रमण की महामारी के कारण वर्ष 2021 आयोजन नहीं हो सका था। इसके बाद 2022 व 2023 में लगातार मरु महोत्सव आयोजित किया गया। इस बार भी मरु महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन व पर्यटन विभाग की ओर से मरु महोत्सव को लेकर तैयारियोंं को अंतिम रूप दिया गया है और ऐतिहासिक आयोजन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों को जिम्मेवारियां सुपुर्द की गई है।

जिला कलक्टर ने की वीसी

जिला कलक्टर प्रतापसिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों के साथ मरु महोत्सव को लेकर चर्चा की। उन्होंने मरु महोत्सव की तैयारियों को लेकर समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही मरु महोत्सव के सफल व ऐतिहासिक आयोजन, यहां आने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो इसका विशेष ख्याल रखने, प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष रूप से आयोजित करवाने, आमजन के बैठने की उचित व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।

लोहारकी में लिया जायजा

मरु महोत्सव के प्रभारी व उपखंड अधिकारी गोपाल परिहार ने अधिकारियों के साथ क्षेत्र के लोहारकी गांव में शाम के समय होने वाले कार्यक्रम के स्थल का जायजा लिया। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही विशेष रूप से यहां आने वाले पर्यटकों व दर्शकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो, इसका ख्याल रखने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान बीएसएफ 87वीं बटालियन के कमांडेंट रणवीरसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालसिंह भाटी, पुलिस उपाधीक्षक कैलाश विश्नोई, विकास अधिकारी रामावतार यादव, तहसीलदार पारसमल आदि उपस्थित रहे।

शोभायात्रा के साथ होगा आगाज

उपखंड अधिकारी परिहार ने बताया कि बुधवार को सुबह 9 बजे सालमसागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती की जाएगी। इसके बाद यहां से शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसे अतिथि हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान पहुंचेगी। इस दौरान रास्ते में कलाकारों की ओर से कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके बाद राउमावि मैदान में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।

लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

उन्होंने बताया कि राउमावि मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें लोक कलाकारों की ओर से प्रस्तुतियां दी जाएगी। यहां साफा बांधो, मूंछ प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। साथ ही मिस पोकरण व मिस्टर पोकरण प्रतियोगिताएं भी होगी। प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

रेतीले धोरों पर सजेगी शाम

शाम 6 बजे से रात साढ़े 9 बजे तक क्षेत्र के लोहारकी गांव में स्थित रेतीले धोरों में कार्यक्रम आयोजित होगा। यहां आध्यात्मिक कार्यक्रम के तहत साधो बैंड प्रस्तुति देगा। साथ ही स्वाति मिश्रा की ओर से राम आएंगे... की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा तेरहताली नृत्य और लोकदेवता बाबा रामदेव के भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी।

Desert Festival 2024 : लगाया शामियाना, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में मरु महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर यहां आकर्षक शामियाना लगाया गया है और सैकड़ों लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार शाम के समय होने वाले कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोहारकी गांव में रेतीले धोरों पर भी शामियाना लगाकर सैकड़ों लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

Desert Festival 2024 : सज रही परमाणु नगरी

मरु महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासन व नगरपालिका की ओर से विशेष तैयारियां की गई है। जिसके अंतर्गत डिवाइडरों पर सफेदी करवाई गई है। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करवा दी गई है। जलदाय विभाग की ओर से पाइपलाइनों के लीकेज निकलवाए गए है। डिस्कॉम की ओर से ढीली तारों को कसा गया है। परमाणु नगरी को पर्यटन के मानचित्र पर उभारने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे है। मरु महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आ रहा है।