जैसलमेर

संगोष्ठी में महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने का लिया संकल्प

संगोष्ठी में महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने का लिया संकल्प

जैसलमेरAug 14, 2021 / 09:23 pm

Deepak Vyas

संगोष्ठी में महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने का लिया संकल्प

पोकरण. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती समारोह एवं स्वतंत्रता दिवस की 150वीं वर्षगांठ पर आयोजित अगस्त क्रांति सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को नगरपालिका सभागार में उपखंड अधिकारी राजेश विश्रोई के मुख्य आतिथ्य, नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित की अध्यक्षता, मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी प्रवीण मेहत्ता के विशिष्ट आतिथ्य में ‘हिन्द स्वराज अपनाओ, सामाजिक सरोकार बढ़ाओÓ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विश्रोई ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में गांधी दर्शन, गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वतंत्रता संग्राम, अगस्त क्रांति एवं गांधी के विचारों की जानकारी देना है। उन्होंने आगामी दो अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, सद्भावना, सत्याग्रह, नशामुक्ति, गांधी के भजन, उपवास, चित्र प्रदर्शनी, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आदि के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में आए गांधीवादी विचारक मनोहर जोशी, मौलाना अब्दुल सलाम इंदोरी, युवा वक्ता यशवंत गुचिया सहित आए सभी लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम में गांधी जीवन दर्शन समिति के ब्लॉक सहसंयोजक हेमंत पालीवाल, पार्षद दिनेश व्यास, विनोद गांधी, जितेन्द्रदयाल बोहरा सहित कई लोग उपस्थित रहे। इस मौके पर बोलते हुए मुख्य वक्ता मौलाना अब्दुल सलाम ने महात्मा गांधी की हिन्द स्वराज यात्रा, स्वदेशी आंदोलन को संकल्प के रूप में अपनाते हुए गांधी के विचारों को आगे बढ़ाने व अपने जीवन में उतारने की बात कही। उन्होंने कहा कि बापू के सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों पर चलकर देश के भविष्य की योजना तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है, जो आपस में एक दूसरे की दूरियों को खत्म करते है। उन्होंने कहा कि प्रेम व सद्भाव से जीवन में व्यक्तित्व व राष्ट्र का विकास होता है तथा नफरत व घृणा विकास को रोकते है। उन्होंने स्वदेेशी को अपनाकर रोजगार प्राप्त करने, अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही। मुख्य वक्ता जोशी ने अगस्त क्रांति दिवस, अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन, लाखों क्रांतिकारियों की ओर से दी गई कुर्बानी एवं स्वतंत्रता संग्राम के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा गांधी के बताए मार्गों पर चलकर देश की एकता, अखंडता को अक्षुण्य बनाए रखने का आह्वान किया। युवा वक्ता गुचिया ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के मोहन से महात्मा तक के सफर पर प्रकाश डालते हुए शोषण की प्रवृति का हर स्तर पर विरोध करने एवं न्याय के लिए संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन व अगस्त क्रांति की ऐतिहासिक जानकारी दी। नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष नारायणलाल रंगा, शिक्षाविद् राजेश कल्ला, जगनलाल पालीवाल, रजनीश कल्ला ने अपने विचार रखते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने चरखे को हथियार बनाकर संघर्ष किया तथा उन्होंने लोगों में नेतृत्व क्षमता, स्वदेशी श्रम एवं स्वावलम्बन को गांधी का मूलदर्शन बताते हुए उनके बताए मार्गों पर चलने की बात कही। संगोष्ठी का संचालन अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी विष्णुकुमार छंगाणी ने किया।

Hindi News / Jaisalmer / संगोष्ठी में महात्मा गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने का लिया संकल्प

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.