पिता बोले….. मोदी जी ने कहा था हमले नहीं होंगे… लेकिन ये सब क्या है…..
सन्नी तबरेज के पिता असलम ने कहा कि मोदी जी कहते हैं अब हमले नहीं होंगे…… तो ये सब क्या है। आंसू थामते हुए असलम ने कहा कि हमारा परिवार बर्बाद हो गया। बेटे की हालत गंभीर है। चौबीस घंटे क्रिटिकल है। वे लोग सिर्फ घूमने के लिए ही तो गए थे। ऐसा किसी के साथ ना हो। असलम ने कहा कि हम भी जम्मू जाने की तैयारी कर रहे हैं, बेटे को साथ लाएंगे। फिर राजस्थान या दिल्ली….. कहीं भी उसका इलाज कराना पड़ जाए, हम कराएंगे….।
दो मिनट और गुजर जाते तो शायद बच्चे बच जाते हमारे…..
परिवार के एक सदस्य ने कहा कि सूचना ये मिली है जब सन्नी, फराह और परिवार के अन्य सदस्य रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद अपनी बस में वापस चढ़ रहे थे तो इस दौरान उपर फायर किए गए। अगर दो या तीन मिनट और बीत जाते तो शायद इस हमले की चपेट में हमारे बच्चे नहीं आते, वे बच जाते। लेकिन अब जम्मू कश्मीर से लेकर जयपुर तक हंगामा मचा हुआ है। परिवार के सदस्य यही चाह रहे हैं कि जल्द से जल्द जम्मू से सभी लोग वापस लौट आएं।
मां बोली…. आतंकवादी हिंदू – मुस्लिम कुछ नहींं देखते. अब बस बच्चे जयपुर आ जाएं हमारे
सन्नी तबरेज का सबसे छोटा भाई अपने माता – पिता की देखभाल और पिता के व्यापार में हाथ बटाने के कारण जम्मू कश्मीर नहीं गया था। दोनो भाईयों ने छोटे को भी साथ चलने के लिए कहा था। उधर सन्नी की पत्नी फराह की मां और परिवार के अन्य लोग भी सन्नी के घर मौजूद हैं। मां ने कहा कि….. आतंकवाद हिंदु या मुस्लिम….. कुछ नहीं देखता। हमारे बच्चे बस वापस जयपुर आ जाएं, हमें और कुछ नहीं चाहिए….।