
भारत में दो दिन होगा होलिका दहन, राजस्थान में भद्रा के साए में मंगळेगी होली
जयपुर। देश में इस बार होलिका दहन दो दिन होगा। राजस्थान सहित कई राज्यों में फाल्गुन शुक्ल प्रदोषकाल व्यापिनी चतुर्दशीयुक्त पूर्णिमा पर 6 मार्च को होलिका दहन होगा। वहीं अगले दिन 7 मार्च को रंगों का त्योहार धुलंडी मनाई जाएगी। जबकि भारत के पूर्वी राज्यों में होलिका दहन 7 मार्च को होगा, वहां 8 मार्च को धुलंडी पर्व मनाया जाएगा।
ज्योतिषाचार्य पं. दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि फाल्गुन पूर्णिमा 6 मार्च को शाम 4.18 बजे प्रारंभ होगी, जो 7 मार्च को शाम 6.10 बजे तक रहेगी। जहां सूर्यास्त शाम 6.10 बजे बाद होगा, वहां 6 मार्च को होलिका दहन होगा। जहां पर सूर्यास्त शाम 6.10 बजे पहले होगा, वहां होलिका दहन 7 मार्च को होगा। 7 मार्च को भारत के पूर्वी राज्यों में सूर्यास्त शाम 6.10 बजे के पहले होगा, वहां पूर्णिमा दो दिन प्रदोष व्यापिनी होने से 7 मार्च को प्रदोष काल में होलिका दहन होगा। जबकि राजस्थान सहित पश्चिमी भारत में प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा 6 मार्च को ही मिल रही है।
भद्रा के साए में होलिका का दहन
ज्योतिषाचार्य चन्द्रशेखर शर्मा ने बताया कि धर्मसिन्धु शास्त्रानुसार होलिका दहन में भद्रा को टाला जाता है, लेकिन भद्रा का समय यदि निशीथ काल (अर्द्धरात्रि) के बाद चला जाता है, तो होलिका दहन (भद्रा के मुख को छोड़कर) भद्रा पुच्छकाल या प्रदोषकाल में करना चाहिए। 6 मार्च को प्रदोषकाल में पूर्णिमा शाम 6. 27 बजे से 6.39 बजे तक रहेगी। इस बीच शाम 4.18 बजे से दूसरे दिन 7 मार्च को तड़के 5.14 बजे तक भद्रा रहेगी। इस बार राजस्थान सहित देश में अधिकांश जगहों पर भद्रा के साए में होलिका दहन होगा।
इन राज्यों में 6 मार्च को होलिका दहन
सम्पूर्ण राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडू, केरल सहित अधिकांश भारत में 6 मार्च को होलिका दहन होगा। इसके अगले दिन 7 मार्च को धुलंडी मनाई जाएगी।
यहां 7 मार्च को होलिका दहन
पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर-पूर्वी छत्तीसगढ़, झारखण्ड, बिहार, उड़ीसा, असम आदि भारत के पूर्वी राज्यों में 7 मार्च को होलिका दहन होगा। इसके अलगे दिन 8 मार्च को धुलंडी का त्योहार मनाया जाएगा।
होलिका दहन का समय कहां कब
जयपुर, कोटा - शाम 6.26 से 6.38 बजे तक
जोधपुर - शाम 6.39 से 6.51 बजे तक
उदयपुर, बीकानेर :- शाम 6.36 से 6.48 बजे तक
अजमेर - शाम 6.31 से शाम 6.43 बजे तक
श्रीगंगानगर - शाम 6.33 से शाम 6.45 बजे तक
दिल्ली - शाम 6.20 से 6.32 बजे तक
केन्द्र और राज्य सरकार की छुट्टी भी अलग—अलग
होली के त्योहार की छुट्टी भी इस बार केन्द्र सरकार और राज्य सरकार ने अलग—अलग की है। केन्द्र सरकार के अनुसार 7 मार्च को होलिका दहन छुट्टी (ऐच्छिक) है, जबकि 8 मार्च को होली (धुलंडी) की छुट्टी दी है। वहीं राजस्थान सरकार ने होली का दहन की छुट्टी 6 मार्च की है, वहीं 7 मार्च को धुलंडी की छुट्टी घोषित की है।
Published on:
25 Jan 2023 06:48 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
