scriptभजनलाल ने मुख्यमंत्री और दिया-प्रेमचंद ने ली उप मुख्यमंत्री की शपथ, पीएम मोदी समेत कई राज्यों के सीएम और केन्द्रीय मंत्री रहे मौजूद | Rajasthan CM Oath Ceremony: Bhajan Lal Sharma Took Oath As CM And Diya-Premchand Took Oath As Deputy CM | Patrika News
जयपुर

भजनलाल ने मुख्यमंत्री और दिया-प्रेमचंद ने ली उप मुख्यमंत्री की शपथ, पीएम मोदी समेत कई राज्यों के सीएम और केन्द्रीय मंत्री रहे मौजूद

Rajasthan CM Oath Ceremony: केसरिया रंग में रंगे रामनिवास बाग में अल्बर्ट हॉल के सामने भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को अपने जन्मदिन पर राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

जयपुरDec 16, 2023 / 07:52 am

Nupur Sharma

rajasthan_cm_and_deputy_cm_oath_ceremony.jpg

Rajasthan Cm Bhajan Lal Sharma : केसरिया रंग में रंगे रामनिवास बाग में अल्बर्ट हॉल के सामने भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को अपने जन्मदिन पर राजस्थान के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा ने भी शपथ ली है। तीनों को राज्यपाल कलराज मिश्र ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुख्यमंत्री भजनलाल ने अभिवादन किया तो मोदी ने उनकी पीठ थपथपाई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम करीब 18 मिनट चला। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सभी का अभिवादन किया और मंच से रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें

भजनलाल शर्मा ने सीएम, दीया कुमारी-डॉ. प्रेमचंद्र बैरवा ने डिप्टी सीएम की ली शपथ, देखें तस्वीरें

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी की केसरिया ताकत का नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम के लिए मुख्य मंच के अलावा दोनों ओर भी मंच बनाए गए थे। इनमें से एक मंच पर साधु-संतों को जगह दी गई। वहीं दूसरी ओर तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के अलावा केन्द्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह सहित कई केन्द्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, अशोक गहलोत और भाजपा के कई वरिष्ठ विधायक व नेता मौजूद थे।

माइक बंद, 4 मिनट रुका रहा कार्यक्रम
शपथ ग्रहण समारोह में माइक बंद होने से करीब चार मिनट तक कार्यक्रम रुका रहा। प्रधानमंत्री के पहुंचते के बाद राष्ट्रगान शुरू होते ही माइक बंद हो गया। करीब 4 मिनट तक कार्यक्रम संचालक व मुख्य सचिव उषा शर्मा माइक को देखती रहीं िक चालू हुआ कि नहीं। सुरक्षा में लगे अधिकारियों ने भागदौड़ कर माइक चालू कराया। इसके बाद 1.04 बजे कार्यक्रम शुरू हो सका।

भजनलाल ने लिखा…मैं भावुक हूं, अभिभूत हूं और नतमस्तक
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मैं भावुक हूं, अभिभूत हूं, नतमस्तक हूं! सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के संकल्प को सर्वोपरि मानते हुए आज जनाशीर्वाद के साथ वीर भूमि राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह शपथ है अनवरत विकास की, अटूट विश्वास की, निरंतर सेवा की और वीर भूमि के गौरव बढ़ाने की। हम सब मिलकर राजस्थान को सर्वश्रेष्ठ, समृद्ध, और आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में हमारा ‘नया राजस्थान’ अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए विकास की नई पटकथा लिखने को प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित सरकार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण समारोह को सफल बनाने आए लोगों का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि आज जन्मदिन व शपथ ग्रहण समारोह से पहले माता-पिता के चरणों में वंदन कर उनका स्नेहपूर्ण आशीर्वाद प्राप्त किया।

गहलोत, शेखावत और राजे की हंसी-ठिठोली रही चर्चा में
शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्रियों के लिए बने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे और गजेन्द्र सिंह शेखावत की हंसी-ठिठोली चर्चा में रही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में पहुंचने से करीब पौन घंटे पहले ये सभी मंच पर पहुंच गए थे। पहले गहलोत और शेखावत अलग-अलग बैठे थे। लेकिन जैसे ही शेखावत की नजर गहलोत पर पड़ी तो वे उनके पास पहुंचे। पहले दोनों खड़े होकर मिले फिर बैठ गए। काफी देर तक हंसी-ठिठोली होती रही। कुछ देर बाद वसुंधरा राजे भी पहुंच गईं। फिर प्रधानमंत्री के आने तक तीनों में हंसी-मजाक चलती रही। इन तीनों पर सभी की नजर थी। वजह थी कि गहलोत और शेखावत एक दूसरे पर बयानों और न्यायालय में चल रहे मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। दो दिन पहले ही गजेंद्र सिंह की याचिका पर गहलोत के खिलाफ मानहानि का केस चलने का फैसला हुआ है।

वीआईपी एरिया में घुसी भीड़
मंच के सामने आईएएस, आईपीएस अफसरों के लिए एक ब्लॉक बनाया गया था। अफसर एक साथ आए और वहां बैठ गए। इसी दौरान पीछे खड़ी भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और वीआईपी ब्लॉक में जा घुसी।

यह भी पढ़ें

उप मुख्यमंत्रियों की शपथ: कांग्रेस अध्यक्ष ने उठाया सवाल, अदालतों से विवाद पहले ही खारिज

मोदी-मोदी के नारों से गूंजा रामनिवास बाग
मंच पर जैसे ही पीएम नरेन्द्र मोदी पहुंचे तो जनता ने मोदी-मोदी के नारे लगाते हुए उनका स्वागत किया। शपथ पूरी हुई तो फिर मोदी-मोदी के नारों से पूरा रामनिवास बाग गुंजायमान हो गया।

पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम नरेन्द्र मोदी ने भजनलाल शर्मा, दिया कुमारी और प्रेम चंद बैरवा को शपथ लेने के बाद बधाई भी दी। जनता का अभिवादन किया, संतों को नमन किया और वहां मौजूद वीवीआईपी का भी अभिवादन किया।

ये भी शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मनोनीत विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, सतीश पूनिया

केंद्रीय मंत्री : अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी।
मुख्यमंत्री : मध्यप्रदेश के मोहन यादव, गुजरात के भूपेन्द्रभाई पटेल, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, गोवा के प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे, त्रिपुरा के माणिक साहा।
डिप्टी सीएम : उत्तर प्रदेश के केशव प्रसाद मौर्या और नागालैंड के यानथुंगो।

https://youtu.be/aMcP4jhBPRs

Hindi News/ Jaipur / भजनलाल ने मुख्यमंत्री और दिया-प्रेमचंद ने ली उप मुख्यमंत्री की शपथ, पीएम मोदी समेत कई राज्यों के सीएम और केन्द्रीय मंत्री रहे मौजूद

ट्रेंडिंग वीडियो