जयपुर

Mosam : हवा के रुख में आया बदलाव, जयपुर में तीखी गर्मी का दौर

– सुबह के समय हो रही हल्की ठंडक महसूस – दिन में चिलचिलाती धूप कर रही परेशान जयपुर। हवा के रुख में आ रहे बदलाव से प्रदेश के पूर्वी भागों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अल सुबह लोगों को बहुत हल्की ठंडक महसूस हो रही है। वहीं राजधानी जयपुर में दिन में गर्मी […]

जयपुरOct 05, 2024 / 08:56 am

Mohan Murari

– सुबह के समय हो रही हल्की ठंडक महसूस
– दिन में चिलचिलाती धूप कर रही परेशान

जयपुर। हवा के रुख में आ रहे बदलाव से प्रदेश के पूर्वी भागों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अल सुबह लोगों को बहुत हल्की ठंडक महसूस हो रही है। वहीं राजधानी जयपुर में दिन में गर्मी के तीखे तेवर लोगों को परेशान कर रहे हैं। दिन में चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हो रहे हैं। ऐसा ही हाल प्रदेश के प​श्चिमी जिलों में चल रहा है। प​श्चिमी जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में उत्तरी हवाओं के जोर से प्रदेश में सर्दी दस्तक देगी और मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी का असर रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ जो प्रदेशभर में सर्वाधिक रहा है। बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, चूरू, संगरिया, जालोर, पिलानी, धौलपुर और करौली जिले में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन चार डिग्री तक अधिक रहने पर मौसम का मिजाज गर्म रहा। बीती रात प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने पर पारा सामान्य के करीब दर्ज किया गया।
जयपुर में मौसम साफ

जानकारी के अनुसार, गुलाबी नगर जयपुर में आज सवेरे सूर्य की किरणों के साथ ही गर्मी का दौर शुरू हो गया। सूर्य के तीखे तेवरों के चलते सवेरे से लोगों को गर्मी महसूस हुई। हालांकि गुलाबी नगर में मौसम का मिजाज थोड़ा बदला हुआ नजर आने लगा है। अलसुबह शहर के बाहरी इलाकों में बहुत हल्की ठंडक लोगों को महसूस होने लगी है। वहीं दिन में तेज धूप से लोग परेशान हो रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि राजधानी जयपुर के मौसम में भी जल्द बदलाव होगा। कुछ दिनों बाद यहां भी सुबह-शाम की सर्दी शुरू हो जाएगी।

संबंधित विषय:

Hindi News / Jaipur / Mosam : हवा के रुख में आया बदलाव, जयपुर में तीखी गर्मी का दौर

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.