जयपुर

Karwa Chauth 2023: 100 साल बाद आज बना महासंयोग, घर-घर करवा चौथ का उल्लास, जानें पूजा का अमृतकाल मुहूर्त

Karwa chauth 2023: राजस्थान में कार्तिक कृष्ण चतुर्थी पर आज अखंड सौभाग्य व सुख-समृद्धि का पर्व करवा चौथ का उल्लास घर-घर नजर आ रहा है। आज अमृत योग, शिव योग और सर्वार्थ सिद्धि योग के साथ बुधादित्य योग का विशेष संयाग बना है।

जयपुरNov 01, 2023 / 09:29 am

Girraj Sharma

100 साल बाद आज बना महासंयोग, घर—घर करवा चौथ का उल्लास, जानें पूजा का अमृतकाल मुहूर्त

जयपुर। राजस्थान में कार्तिक कृष्ण चतुर्थी पर आज अखंड सौभाग्य व सुख-समृद्धि का पर्व करवा चौथ का उल्लास घर-घर नजर आ रहा है। महिलाओं ने अखंड सुहाग व सुख—समृद्धि की कामना के साथ व्रत रखा है। वहीं आज अमृत योग, शिव योग और सर्वार्थ सिद्धि योग के साथ बुधादित्य योग का विशेष संयाग बना है। महिलाएं दिनभर जहां चौथ माता व गणेशजी का पूजन कर कथा सुनेंगी, वहीं रात 8 बजकर 28 मिनट पर चन्द्रोदय होने पर उसे अघ्र्य अर्पित करेंगी।

ज्योतिषाचार्य डॉ. अनीष व्यास ने बताया कि करवा चौथ पूजा शुभ मुहूर्त शाम 05:36 बजे से 06:54 बजे तक रहेगा। इसके बाद शाम 07:34 बजे से रात 09:13 बजे तक अमृतकाल मुहूर्त रहेगा। इस बीच चौथ माता की पूजा करना सुख—समृद्धि लेकर आएगा। महिलाएं सौलह शृंगार कर चौथ माता की पूजा करेंगी, इसके बाद व्रत कहानी सुनेंगी। इस बीच नवविहाविताओं के पीहर से आज करवे आ रहे है। करवे के साथ सौलह शृंगार की वस्तुएं आदि भी आ रही है। वहीं कुछ महिलाएं आज चौथ उद्यापन भी कर रही है। चौथ का उद्यापन करने वाली महिलाएं आज चंद्रोदय होने के बाद 16 महिलाओं को भोजन कराकर उन्हें सोलह शृंगार की वस्तुएं भेंट स्वरूप देंगी।

रात 11 बजे तक माता के दर्शन
जयपुर के गोपालजी का रास्ता स्थित चौथ माता मंदिर में आज सुबह से ही माता के पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ नजर आई। आज दिनभर माता के दर्शन खुले रहेंगे। मंदिर पुजारी चतुर्भुज शर्मा ने बताया कि सुबह माता का अभिषेक कर नवीन पोशाक धारण करवाई गई। माता का विशेष शृंगार किया गया। दिनभर भक्त माता के दर्शनों के लिए मंदिर आएंगे। माता के दर्शन आज रात 11 बजे तक होंगे।

आज के संयोग
ज्योतिषाचार्य डॉ. रवि शर्मा ने बताया कि अमृत योग के साथ शिव योग और सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत योग की आज सूर्योदय के साथ शुरू हुआ, जो 2 नवंबर को सुबह 4:36 बजे तक रहेंगे। शिव योग आज दोपहर 2:06 बजे से शुरू हो रहा है।

सौ साल बाद बुद्धादित्य योग
ज्योतिषाचार्य पं. सुरेन्द्र गौड़ के अनुसार 100 साल के बाद आज करवा चौथ पर चंद्रमा में मंगल और बुध एक साथ विराजमान है। जिस कारण बुधादित्य योग बना है। इस महासंयोग पर करवा चौथ व्रत और पूजा वैवाहिक जीवन के लिए सुख-समृद्धि और पुण्य का फल देने वाली है।

 

यह भी पढ़ें

जगमग होंगे Jaipur City के बाजार और गेट, श्रेष्ठ रोशनी करने वालों को मिलेगा सम्मान, अफसरों को जिम्मेदारी

 

आज भी बाजार में खरीदारी
चौथ के व्रत को लेकर बाजार में आज भी चीनी—मिट्टी के करवों की खरीददारी हो रही है। बाजार में 10 रुपए से लेकर 25 रुपए तक करवे बिक रहे है। चीनी के करवे 15 रुपए से लेकर 25 रुपए तक बिक रहे है, जबकि मिट्टी के करवे 10 रुपए से लेकर 20 रुपए में बिक रहे है।

Hindi News / Jaipur / Karwa Chauth 2023: 100 साल बाद आज बना महासंयोग, घर-घर करवा चौथ का उल्लास, जानें पूजा का अमृतकाल मुहूर्त

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.