
Rajasthan Patrika Jaago Janmat Campaign
Rajasthan Patrika Jaago Janmat Campaign : जयपुर। वैशाली नगर के एक टॉवर में शुक्रवार को पत्रिका के जागो जनमत अभियान के तहत यूथ वॉयस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवाओं ने अपने मुद्दे साझा किए। सभी ने एकजुट होकर मतदान करने और मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने की शपथ ली। तरुण शर्मा ने कहा कि यूथ के लिए रोजगार और शिक्षा दो बड़े विषय हैं। सरकार को निजी कंपनियों को बढ़ावा देना चाहिए ताकि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार उपलब्ध करा सकें। इसके अलावा तकनीकी और प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई का शुल्क एक तय सीमा में हो।
शिवानी राजावत ने कहा कि यूथ अबकी बार धर्म और जाति के आधार पर नहीं, अपितु विकास के आधार पर उम्मीदवारों को वोट देगा। मनीषा शर्मा और सलोनी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है, इसका समाधान बहुत जरूरी है।
पूजा और आयुषी सिंह ने कहा कि कई बार सरकारी विभागों में अधिकारी और कर्मचारी आम व्यक्ति से आदर सम्मान से पेश नहीं आते, ऐसे कार्मिकों पर कार्यवाही करने और इन्हें अच्छे व्यवहार की ट्रेनिंग देने की जरूरत है। खुशबू और बृजेश ने कहा कि राजस्थान में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में पुलिस को और अधिक डिजिटल और स्मार्ट होने की जरूरत है। इस दौरान राजीव, रेणु, हर्षवर्धन सिंह, जितेंद्र, महेंद्र सैनी और नितिन समेत अन्य ने विचार व्यक्त किए।
Published on:
03 Nov 2023 10:20 pm
