जयपुर

राजस्थान में कार सवार महिलाओं ने मचाया आतंक, पहले टोल कर्मियों को जमकर कूटा, फिर लूटा और भाग गई

टोल प्लाजा पर कार सवार महिलाओं ने वारदात को अंजाम दिया है।

जयपुरJul 07, 2024 / 11:46 am

Manish Chaturvedi

जयपुर। अक्सर देखा जाता है कि टोल कर्मचारियों की ओर से यात्रियों से मारपीट होती है। लेकिन इस बार चौकानें वाला मामला सामने आया है। टोल प्लाजा पर कार सवार महिलाओं ने वारदात को अंजाम दिया है। महिलाओं ने टोल कर्मियों से मारपीट भी की, फिर लूट की वारदात को अंजाम ​भी दिया है। मामला जब सामने आया तो पुलिस भी चौक गई। लेकिन पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद अब पुलिस आरोपी महिलाओं की तलाश में लग गई है।
मामला पाली जिले का है। कानावास टोल प्लाजा पर यह वारदात हुई। कार में आई चार महिलाओं ने टोल कर्मियो से मारपीट की। टोल मैनेजर का आरोप है कि महिलाएं मारपीट कर सोने की चैन व काउंटर में रखे डेढ़ लाख रुपए भी लूट कर भाग गई। इनके साथ एक अन्य कार भी थी, जिसमें दो युवक सवार थे। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों कार मठ टोल प्लाजा के बैरियर तोड़ कर पाली की ओर भाग गए। टोल पर लगे सीसीटीवी फुटेज में सारी घटना कैद हुई है।
मैनेजर करणसिंह की ओर से शिवपुरा थाने में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि एक जुलाई से कानावास टोल प्लाजा पर ठेका बदला है, जिसके 5 दिन बाद ही शनिवार को एक कार चालक के साथ चार महिलाएं भी इस विवाद में कूद गई। लेकिन पूरा मामला आरोपी महिलाओं को पकड़ने के बाद सामने आएगा। पुलिस की ओर से आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है।

Hindi News / Jaipur / राजस्थान में कार सवार महिलाओं ने मचाया आतंक, पहले टोल कर्मियों को जमकर कूटा, फिर लूटा और भाग गई

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.