जयपुर

Holi 2023 : गोविंददेवजी आज खेलेंगे लट्ठमार होली, बिखरेंगे फाग के रंग

60 कलाकार करेंगे लट्ठमार होली साकार, गोविंददेवजी मंदिर में होलिकोत्सव

जयपुरMar 02, 2023 / 10:57 am

Giriraj Prasad Sharma

Holi 2023 : गोविंददेवजी आज खेलेंगे लट्ठमार होली, बिखरेंगे फाग के रंग

जयपुर। शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में फाग का उल्लास चरम पर है। होलिकोत्सव के तहत आज मंदिर में बरसाने की लट्ठमार होली साकार होगी। करीब 60 कलाकार राधा-कृष्ण के स्वरूप के साथ होली खेल बरसाने की होली को साकार करेंगे। वहीं मंदिर में शुक्रवार से पुष्प फागोत्सव की शुरुआत होगी। भजन गायक बाल व्यास श्रीकांत शर्मा भजनों की अमृत वर्षा करेंगे, वहीं कलाकार पुष्प होली से गोविंददेवजी के दरबार में फूलों की होली को साकार करेंगे।
मंदिर के प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि होलिकोत्सव के तहत आज मंदिर में बरसाने की लट्ठमार होली साकार की जाएगी। अविनाश शर्मा के निर्देशन में करीब 60 कलाकार लट्ठमार होली को साकार करेंगे। इनमें भरतपुर के कलाकारों की विशेष प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम संयोजक गौरव धामानी ने बताया कि चार दिवसीय होलिकोत्सव का मुख्य आकर्षक बरसाने की लट्ठमार होली होगी। इसमें अविनाश शर्मा के निर्देशन में मंजरी महाजन, रूपसिंह, कुंदन, रेखा ठाकर, संगीता मित्तल, ऋचा गुप्ता व मनस्वी शर्मा आदि कलाकार अपनी प्रस्तुति से लट्ठमार होली को साकार करेंगे। वहीं जगदीश शर्मा, संजय रायजादा, मंजू शर्मा, कुंज बिहारी जाजू, शिल्पी मिश्रा, राधा बल्लभ व गौरव आदि गायन की प्रस्तुति देंगे।
कल से पुष्प फागोत्सव
कार्यक्रम संयोजक गौरव धामानी ने बताया कि गोविंददेवजी के फागोत्सव में 3 मार्च से पुष्प फागोत्सव का आयोजन शुरू होगा। दो दिन तक मंदिर में फूलों की होली साकार होगी। 3 व 4 मार्च को भजन गायक बाल व्यास श्रीकांत शर्मा दोपहर एक से शाम 4:30 बजे तक भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। कलाकार फाल्गुनी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। फागोत्सव में 5 मार्च को होली पद का विशेष कार्यक्रम होगा। कोलकाता के मालीराम शास्त्री दोपहर एक से शाम 4:30 बजे तक भजनों की स्वर लहरियां बिखरेंगे। भजनों के माध्यम से गोविंददेवजी को रिझाया जाएगा

Hindi News / Jaipur / Holi 2023 : गोविंददेवजी आज खेलेंगे लट्ठमार होली, बिखरेंगे फाग के रंग

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.