bell-icon-header
जयपुर

Gogamedi Murder Case: एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया, पुलिस ने शूटरों को किस तरह पकड़ा, एक चूक पड़ी भारी

Sukhdev Singh Gogamedi Murder: एडीजी (क्राइम) दिनेश एम.एन. ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या करने वाले आरोपी रोहित राठौड़, नितिन फौजी और उधम सिंह मनाली से गोवा जाने वाले थे। गोवा में उनका फरारी काटने का प्लान था।

जयपुरDec 11, 2023 / 10:10 am

Santosh Trivedi

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर और उसके साथी को शनिवार देर रात चंडीगढ़ से पकड़ लिया। राजस्थान पुलिस ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के साथ संयुक्त ऑपरेशन में यह कामयाबी हासिल की। एडीजी (क्राइम) दिनेश एम.एन. ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या करने वाले आरोपी रोहित राठौड़, नितिन फौजी और उधम सिंह मनाली से गोवा जाने वाले थे। गोवा में उनका फरारी काटने का प्लान था। यहां कई दिन तक समय काटने के बाद वह पुणे में जाकर भी फरारी काटना चाहते थे।

इससे पहले कि वह गोवा पहुंच पाते पुलिस ने उनका पूरा प्लान फेल कर दिया। रोहित राठौड़, नितिन फौजी और उधम सिंह मनाली में खुद को ज्यादा समय तक सुरक्षित नहीं महसूस कर रहे थे। यही वजह थी कि वह पहले मनाली इसके बाद मंडी पहुंचे। यहां दो दिन रुकने के बाद वह चंडीगढ़ पहुंच गए। यहीं के एक होटल से पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। फरारी के चार दिनों के दौरान इन्होंने पुलिस को चकमा देने के लिए चार राज्यों के चक्कर काटे। जिस होटल में ये ठहरे थे वहां फर्जी आई कार्ड से कमरा लिया।

यह भी पढ़ें

गोगामेड़ी की हत्या के बाद पुलिस अलर्ट- राजस्थान के इस विधायक की बढ़ाई सुरक्षा, स्वचालित हथियारों से लैस 3 जवान तैनात

गोगामेड़ी की हत्या करने के बाद आरोपी रोहित सिंह राठौड़ और नितिन फौजी डीडवाना भाग गए। यहां से दिल्ली के लिए बस ली। इसे बाद धारूहेड़ा में उतरे और ऑटो रिक्शा से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वे ट्रेन से हिसार पहुंचे। नितिन फौजी और रोहित राठौड़ 6 दिसंबर को हिसार रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए थे। हिसार में रहने वाले नितिन फौजी के दोस्त उधम सिंह सैन के साथ टैक्सी लेकर मनाली पहुंचे। दो दिन तक वहां एक होटल में ठहरे।

यह भी पढ़ें

गोगामेड़ी हत्याकांड- शूटर नितिन और रोहित तो हो गए गिरफ्तार, अब इतने सवालों के जवाब तलाशेगी पुलिस

उधम सिंह ने चाचा के लड़के को फोन कर पूछा कि पुलिस तो नहीं आई। इतना पूछने के बाद उसने फोन रख दिया। पुलिस ने उधम सिंह की लोकेशन ट्रेस की तो वह मनाली की आई। पुलिस टीम मनाली पहुंची तो आरोपी टैक्सी करके चंडीगढ़ पहुंच गए। पुलिस टीम फिर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई और वहां एक होटल में ठहरे तीनों आरोपियों को दबोच लिया। इसमें दिल्ली पुलिस ने भी सहयोग किया। आरोपियों को पकड़ने में जेडीए के पुलिस निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, सुनील जांगिड़ और सीएसटी आयुक्तालय जयपुर के मनीष शर्मा, पुलिस निरीक्षक स्पेशल सेल दिल्ली पुलिस राकेश कुमार और कांस्टेबल महेश की भूमिका रही।

Hindi News / Jaipur / Gogamedi Murder Case: एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया, पुलिस ने शूटरों को किस तरह पकड़ा, एक चूक पड़ी भारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.