
जयपुर। गहलोत सरकार में साल 2022 नौकरशाहों के लिए उठापटक वाला रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि साल 2022 की शुरुआत से लेकर अब तक गहलोत सरकार ने 51 तबादला सूचियों के जरिए नौकरशाही में बड़ी सर्जरी करके 950 नौकरशाहों को इधर-उधर किया है। इन नौकरशाहों में आईएएस-आईपीएस आरएएस और आईएफएस अधिकारी शामिल हैं। राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है कि गहलोत सरकार में भले ही पूरे साल खींचतान रही हो लेकिन नौकरशाहों की सर्जरी करने में सरकार ने कोई कमी नहीं छोड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना तो राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को करना पड़ा है जिसमें सरकार ने अब तक 552 आरएएस अधिकारियों को इधर-उधर किया है।
16 तबादला सूची के जरिए 267 आईएएस के तबादले
जनवरी 2022 से लेकर अब तक भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की 16 तबादला सूची जारी हुई है जिनमें 267 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। 16 जनवरी को 52 आईएएस अफसरों की तबादला सूची जारी हुई थी तो उसके बाद 13 अप्रैल 2022 को भी 69 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए। जुलाई माह में भी 29 आईएएस और 28 अक्टूबर को भी 30 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई थी जिनमें कई बड़े चेहरे भी शामिल थे।
12 तबादला सूची के जरिए 87 आईपीएस के तबादले
10 जनवरी 2022 से लेकर अब तक गहलोत सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिनमें 22 जनवरी को 20 अधिकारियों, 30 जून को 32 अधिकारियों, 4 जुलाई को 16 आईपीएस अधिकारियों की बड़ी सूची जारी की थी।
20 तबादला सूची के जरिए 500 से ज्यादा आरएएस का तबादला
साल 2022 में सबसे ज्यादा तबादलों की मार राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों पर पड़ी है। राजस्थान सरकार ने 20 तबादला सूची जारी करके 552 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। 25 अप्रैल को जहां गहलोत सरकार ने 239 आरएएस अधिकारियों की जंबो तबादला सूची जारी की थी तो इसके बाद 5 अक्टूबर को भी 201 अधिकारियों की जंबो आरएएस तबादला सूची जारी की थी। इसके अलावा 27 जुलाई को 27 और 27 नवंबर को 75 आरएएस अधिकारियों को इधर-उधर किया गया था। इसके अलावा भारतीय वन सेवा(आईएफएस) के 42 अधिकारियों को भी तीन तबादला सूची के जरिए इधर-उधर किया गया।
अधिकारियों की कमी से भी जूझ रही गहलोत सरकार
इधर साल 2022 में गहलोत सरकार नौकरशाहों की कमी से भी जूझती रही, करीब 20 से ज्यादा आईपीएस और आईएएस अफसर केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर चले गए हैं, जिसके चलते सरकार को वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
Published on:
31 Dec 2022 01:24 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
