
nsui-youth congress
जयपुर। हाल ही में कांग्रेस के 13 में से 10 जिलाध्यक्षों को 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (बीसूका)में जिला उपाध्यक्ष बनाकर राजनीतिक नियुक्ति देने के बाद अब कांग्रेस के हरावल बिग्रेड को भी बीसूका में खपाने की की तैयारी चल रही है। कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवादल के जिलाध्यक्षों को 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में मेंबर बनाकर राजनीतिक नियुक्तियां देने की तैयारी है।
इसे लेकर कांग्रेस में शीर्ष स्तर पर मंथन भी चल रहा है। जानकारों की माने तो इसे लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश प्रभारी अजय माकन की पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा भी हो चुकी है, जिसे अब अमलीजामा पहनाने की तैयारी चल रही है।
मलमास के बाद मांगे जाएंगे अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्षों के नाम
पार्टी के विश्वस्त सूत्रों की माने तो मलमास खत्म होने के बाद सरकार की ओर से कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्षों के नाम अग्रिम संगठनों के प्रमुखों से मांगे जाएंगे और उसके बाद अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्षों को 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में जिला स्तर पर सदस्य बनाया जाएगा। इसके अलावा अग्रिम संगठनों के नेताओं को विभिन्न बोर्ड निगमों में भी एडजस्ट किया जाएगा।
इसलिए यह भी अहम है अग्रिम संगठन
दरअसल कांग्रेस के अग्रिम संगठन एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवादल को कांग्रेस पार्टी की रीढ़ कहा जाता है। धरने-प्रदर्शनों और चुनावों में अग्रिम संगठनों की बड़ी भूमिका होती है। ऐसे में 2 साल के बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में अग्रिम संगठनों में नाराजगी नहीं बढ़े और उन्हें संतुष्ट किया जाए इसके लिए अग्रिम संगठनों के नेताओं को राजनीतिक नियुक्तियां देकर संतुष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्षों को बीसूका में उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद उठने लगी थी मांग
हाल ही में कांग्रेस के 10 जिलाध्यक्षों को 20 सूत्री क्रियान्यन समिति में जिला उपाध्यक्ष बनाकर राजनीतिक नियुक्ति देने के बाद कांग्रेस गलियारों में भी अंदरखाने इसकी मांग उठने लगी थी कि अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्षों को भी 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति में कम से कम मेंबर्स तो बनाया जाए, मामला ऊपर तक पहुंचा तो इस पर कवायद शुरू हो गई है।
Published on:
14 Jan 2022 09:43 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
