जयपुर

Kartik Purnima 2023: देव दिवाली पर दीपदान से जगमग मंदिर, सजी रास पूर्णिमा की विशेष झांकी, ठाकुरजी के दर्शनों के लिए उमड़े भक्त

Dev Diwali 2023: कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को शिव योग, सर्वार्थसिद्धि और कुमार योग के बीच देव दिवाली मनाई जा रही है। आज कृतिका नक्षत्र व वृषभ का चन्द्रमा का भी विशेष संयोग है। ठाकुरजी के दर्शनों के साथ दान—पुण्य व दीपदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।

जयपुरNov 27, 2023 / 10:17 am

Girraj Sharma

Kartik Purnima 2023: देव दिवाली पर दीपदान से जगमग मंदिर, सजी रास पूर्णिमा की विशेष झांकी, ठाकुरजी के दर्शनों के लिए उमड़े भक्त

जयपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को शिव योग, सर्वार्थसिद्धि और कुमार योग के बीच देव दिवाली मनाई जा रही है। आज कृतिका नक्षत्र व वृषभ का चन्द्रमा का भी विशेष संयोग है। ऐसे में भक्तों में सुबह से ठाकुरजी के दर्शनों के साथ दान—पुण्य व दीपदान को लेकर उत्साह नजर आ रहा है।

गोविंददेवजी, राधा गोपीनाथजी, दामादेरजी, मोती डूंगरी गणेशजी सहित शहर के अन्य मंदिरों में प्रभु के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है। श्रद्धालु मंदिरों में दीपदान कर रहे है। गलता तीर्थ में स्नान के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे है। गोविंददेवजी सहित कुछ मंदिरों में शाम को रास पूर्णिमा की विशेष झांकी सजाई जा रही है। देव दिवाली पर दीपदान का विशेष महत्व होने से मंदिरों के साथ घर—घर भी दीपदान हो रहा है। मंदिरों में विशेष झांकियां सजाई गई है। वहीं दीपदान से मंदिर जगमग हो रहे है। शाम को घरों में दीपदान किया जाएगा। मंगला झांकी से ही लोग देव दर्शन को पहुंच रहे है।

शाम 7.15 बजे से 7.30 बजे तक रास उत्सव
शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में ठाकुरजी को सफेद पोशाक धारण करवाकर विशेष अलंकरण धारण करवाए गए। ठाकुरजी का फूलों से शृंगार किया गया। मंगला झांकी से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर राधे—राधे के जयकारों से गूंज उठा। शाम 7.15 बजे से 7.30 बजे तक रास उत्सव की विशेष झांकी सजाई जाएगी। झांकी में ठाकुरजी को खीर का भोग व खीरसा भोग अर्पण किया जाएगा। ठाकुरजी के सामने रास खाट सजाई जाएगी, जिसमें चौसर, शतरंज की झांकी सजाई जाएगी। वहीं दूध, पान इत्र आदि ठाकुरजी की सेवा में अर्पित की जाएगी।

रास की विशेष झांकी सजाई
चौड़ा रास्ता स्थित मंदिर श्री राधा दामोदरजी में ठाकुरजी के दर्शनों के लिए तड़के ही बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंची। कार्तिक स्नान करने वाली महिलाएं आज दीपदान और ठाकुरजी की परिक्रमा लगा रही है। आज मंदिर में रास की विशेष झांकी सजाई गई है। मंदिर महंत मलय गोस्वामी ने बताया कि इस दिन ठाकुर श्री राधा दामोदर जी को निजी गर्भगृह से बाहर लाया जाता है और रास झांकी के दर्शन कराए जाते हैं।

 

यह भी पढ़ें

शिव योग व सर्वार्थसिद्धि योग में आ रही देव दिवाली, कृतिका नक्षत्र का विशेष संयोग, दीपदान लाएगा सुख-समृद्धि

 

गलता स्नान को उमड़े भक्त
कार्तिक पूर्णिमा होने से गलता तीर्थ में अलसुबह से ही स्नान के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। गलता स्नान करने के साथ ही कुंड में दीपदान के लिए भक्तों में होड़ सी लगी हुई है। कार्तिक स्नान करने वाली महिलाएं बड़ी संख्या में गलता स्नान के लिए पहुंची। महिलाओं ने मंदिरों में दर्शन और दीपदान किया। यहां दान—पुण्य भी किया जा रहा है।

Hindi News / Jaipur / Kartik Purnima 2023: देव दिवाली पर दीपदान से जगमग मंदिर, सजी रास पूर्णिमा की विशेष झांकी, ठाकुरजी के दर्शनों के लिए उमड़े भक्त

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.